Chhattisgarh News: चुनाव ड्यूटी से लौट रहे 3 मतदानकर्मियों की सड़क हादसे में मौत, सीएम भूपेश ने जताया दुख
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाकर अपने घर लौट रहे तीन मतदान कर्मियों को ये नहीं पता था कि उनके लौटने पर घर में खुशियां नहीं, बल्कि मातम छा जाएगा।
मंगलवार को संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद कोंडागांव जिला मुख्यालय में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में ईवीएम जमा कर अपने घर लौट रहे तीन मतदान कर्मी सड़क हादसे का शिकार हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बस्तर में चुनाव संपन्न करवाना वैसे भी निर्वाचन आयोग के लिए बड़ी चुनौती माना जाता रहा है। ऐसे में तीनों मतदान कर्मियों ने बिना किसी विवाद और बाधा के शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवा दिया था।
लोकतंत्र की ड्यूटी उन्होंने बखूबी निभाई और घर लौटकर पारिवारिक जिम्मेदारी भी निभाने के लिए आगे बढ़ रहे थे। घर पहुंचकर इतने दिनों की भागा-दौड़ी से आराम करने की चाहत लिए मतदान कर्मियों को ये भी नहीं पता था कि उन्हें उपहार में चिरनिद्रा मिलेगी।
मिली जानकारी के मुताबिक कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के अलग-अलग स्कूलों में पदस्थ रहे शिक्षक शिव नेताम, संतराम नेताम व हरेंद्र उइके की विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगी थी। शांतिपूर्ण तरीके से उन्होंने मतदान संपन्न करवाया और ईवीएम जमा कर कोंडागांव से वापस लौट रहे थे। इसी बीच रायपुर से जगदलपुर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने मतदान कर्मियों की बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया और बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में गाड़ी में सवार 3 मतदान कर्मियों में से दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे कर्मचारी को गंभीर हालत में केशकाल के सीएचसी लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे में मृत फरसगांव ब्लॉक के छोटे बोकड़ाबेड़ा स्कूल के शिक्षक शिव नेताम, संतराम नेताम और बड़गई स्कूल के शिक्षक हरेंद्र उइके ने मतदान ड्यूटी साथ पूरी की। हादसे में शिव व संतराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरेंद्र गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया।
तीनों के शवों को केशकाल लाया गया, जहां शिक्षा विभाग के अफसर-कर्मी बड़ी संख्या में सीएचसी परिसर में जमा हो गए। संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन ने मृत शिक्षकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रूपए का मुआवजा देने की मांग की है।
मृत शिक्षकों के शवों को अस्पताल लाने के बाद उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई और उन्हें बुलवा लिया गया। इसके बाद बुधवार को तीनों शिक्षकों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया और बाद में शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शवों को अपने साथ गृहग्राम लेकर चले गए।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही केशकाल विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी संतराम नेताम व भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ टेकाम भी सीएचसी पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। बताया जाता है कि मृत शिक्षक संतराम नेताम कांग्रेस नेत्री व छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम के रिश्तेदार हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications