IT Raid In CG: जगदलपुर में रेड फिल्म की तरह छापेमारी, जानिए 3 दिन में कहां कहां से निकला कुबेर का ख़ज़ाना
IT Raid In CG: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के सराफा कारोबारी की दुकान व घर में बीते दिनों आयकर के छापे के बाद अब मिली अघोषित संपत्ति को विभाग की टीम ने जब्त कर लिया है।
बताया जाता है कि छापे की कार्रवाई लगातार 3 दिनों तक दिन-रात चली। आस-पास के लोगों ने बताया कि कुछ साल पहले आई अजय देवगन अभिनीत फिल्म रेड की याद इस छापे ने दिला दी है।

लोगों की मानें तो जिस तरह से आयकर की टीम ने सराफा कारोबारी के पूरे परिवार के सदस्यों को तीन दिनों के लिए घर में ही बंद रखा था, पूरी फिल्म उनकी आंखों के सामने घूम गई।
छापे में मिले दस्तावेजों व संपत्ति को आयकर की टीम ने जब्त कर लिया है। वहीं मिले 20 किलो सोने व 31 लाख रूपए नगद को लॉकर में सुरक्षित रखवा दिया है। इस पूरी कार्रवाई में करीब 15 करोड़ रूपए की संपत्ति मिलने की बात कही जा रही है।
वहीं दस्तावेजों को अपने साथ लेकर टीम चली गई। बताया ये भी जाता है कि सराफा कारोबारी बीते करीब 7 सालों से इसी तरह अवैध रूप से कारोबार कर रहा था। वहीं सराफा कारोबारी के रिश्तेदारों के साथ ही शहर में करीब आधा दर्जन सराफा कारोबारियों को भी आयकर विभाग ने चिन्हांकित कर लिया है।
बीते गुरूवार की देर रात पहुंची आयकर विभाग की टीम ने जगदलपुर शहर के बालाजी वार्ड स्थित पारस ज्वेलर्स में दबिश देकर दुकान व घर में छापामार कार्रवाई की थी। इस दौरान जहां 20 किलो सोना और 31 लाख रूपए नगद मिले थे, वहीं इस संपत्ति के संबद्ध कोई भी वैध दस्तावेज सराफा कारोबारी पारस कोचर नहीं दिखा पाया।
ऐसे में आयकर की टीम ने इसे जब्त कर लिया। इसके साथ ही तीन दिनों तक चली कार्रवाई के दौरान आयकर की टीम को कई लिंक भी मिले, जो अब आयकर विभाग की नजर में हैं।
सूत्र बताते हैं कि सराफा कारोबारी कोचर बीते करीब 7 सालों से इसी तरह अवैध रूप से कारोबार कर रहा था। ऐसे में बीते 7 सालों में सरकार को हुए टैक्स के नुकसान और पैनल्टी का आकलन कर विभाग टैक्स निर्धारण करेगा। विभाग द्वारा तय किए जाने वाले कर का भुगतान सराफा कारोबारी नहीं करता है तो उससे जब्त की गई संपत्ति को राजसात कर लिया जाएगा।
बताया ये भी जाता है कि सराफा कारोबारी कोचर का भाई रायपुर में रहता है, जो रायपुर में रहकर अपने भाई के इस अवैध कारोबार में मदद करता था। ऐसे में उसके लिंक पर रायपुर में अरिहंत ज्वेलर्स व मनोहर मॉल में भी आयकर की टीम ने बीते दिनों छापेमारी की थी। पारस ज्वेलर्स में हुई छापेमारी के बाद शहर में करीब आधा दर्जन और सराफा कारोबारियों पर आयकर विभाग की नजर है। इन आधा दर्जन सराफा कारोबारियों की पूरी कुंडली आयकर विभाग के हाथ में आ चुकी है। अब कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
आयकर विभाग की टीम ने जहां छापे के दौरान ओडिशा व रायपुर के बड़े सराफा कारोबारियों के लिंक निकाले हैं, वहीं आने वाले समय में अभियान के तहत उनके खिलाफ भी छापेमारी की तैयारी की जा रही है।
ओडिशा में भी करीब दर्जनभर कारोबारियों के लिंक पारस कोचर से मिले हैं। ऐसे में उन पर भी विभाग ने नजर रखनी शुरू कर दी है। कुल मिलाकर हर साल अरबों रूपयों का अवैध कारोबार करने की शिकायत पर आयकर विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
सूत्रों की मानें तो सराफा कारोबारी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कारोबारियों के भी कान खड़े हो गए हैं। इसके साथ ही अब वे टैक्स चोरी से बचने के लिए अपना असेसमेंट करवाने की तैयारी कर रहे हैं।
दरअसल आयकर विभाग की टीम की नजर में करीब आधा दर्जन ऐसे कारोबारी आ चुके हैं, जो इसी तर्ज पर अवैध कारोबार करते रहे हैं। सरकार को टैक्स के नुकसान को देखते हुए मिली शिकायतों पर आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर चिन्हांकत सराफा कारोबारी आशंकित भी हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications