CG News: विकास तो हुआ लेकिन बिगड़ते लॉ एंड आर्डर से बढ़ी चिंता, जानें बिलासपुर विधानसभा में क्या है जनता की राय
CG Election 2023: छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने कॉन्फ्रेंस कर चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है। 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग 2 चरणों में मतदान कराएगा। 7 और 17 नवंबर को मतदान के बाद 3 दिसंबर को परिणाम घोषित होंगे।
बिलासपुर जिले के 6 विधानसभा सीट में से 5 सीटों में भाजपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जिला मुख्यालय की सबसे प्रतिष्ठा पूर्ण बिलासपुर विधानसभा सीट से पार्टी ने इस बार अपने सबसे बड़े चेहरे पर दांव लगाया है। बिलासपुर सीट से इस बार अमर अग्रवाल भाजपा प्रत्याशी होंगे। कोटा से प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, तखतपुर से धरमजीत सिंह,मस्तूरी से कृष्णमूर्ति बांधी, बिल्हा से धरमलाल कौशिक और लोरमी से अरुण साव प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं।

चुनावों की तारीखों की घोषणा होने के बाद बिलासपुर जिले के मतदाता भी लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाने के लिए उत्सुक है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद बिलासपुर के मतदाताओं की क्या प्रतिक्रिया है इसको लेकर के वन इंडिया हिंदी ने लोगों से चर्चा की। मतदाताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी निभाएंगे। साथ ही वोट करने के लिए जाएंगे।
शेखर सिंह ने कहा कि बिलासपुर समेत पूरे प्रदेश में 5 वर्षों में अच्छा काम हुआ है। भाजपा के 15 साल के कार्यकाल से बेहतर काम हुआ। हालाँकि शहर में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर किया जा सकता है। वही वज़ीर अली ने कहा कि प्रदेश में कोरोना काल का जरूर कुछ दुष्प्रभाव रहा, लेकिन ओवरऑल अच्छा काम हुआ है। भाजपा सरकार के कार्यकाल से बेहतर काम हुआ है। बिलासपुर की जनता भी अपने विधायक से खुश है।
रंजीत ने कहा कि प्रदेश में जो अंग्रेजी मीडियम के स्कूल खोले गए वो प्रदेश सरकार की सबसे अच्छी पहल है। राम सिंह ने प्रदेश सरकार और बिलासपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शहर में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति नाजुक है और आवारा गर्दी में वृद्धि हुई है।
छत्तीसगढ़ में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 15 साल के बाद सरकार में वापसी की थी। 90 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव नतीजे में कांग्रेस को दो- तिहाई का आंकड़ा मिला था। भारतीय जनता पार्टी के खाते में जहां सिर्फ 15 सीटें आईं थी वहीं कांग्रेस को 68 सीटें मिली थीं।
मौजूदा समय में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पास 71 विधायक है। भारतीय जनता पार्टी के पास 13 विधायक, बीएसपी के पास 2, तीन विधायक जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ पार्टी के हैं और एक रिक्त है। राज्य में मौजूदा भूपेश बघेल मुख्यमंत्री है।
संवाद सूत्र: विशाल कुमार, बिलासपुर/ छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications