सीएम विष्णुदेव साय ने बीजापुर में जवानों की शहादत पर जताया शोक, कहा-'माओवाद के खात्मे तक लड़ाई जारी रहेगी'
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस विस्फोट में दो सुरक्षा कर्मियों की मौत के मामले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया है। सीएम साय ने कहा कि माओवाद के खात्मे तक लड़ाई जारी रहेगी। माओवाद के खात्मे के लिए हमारी सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान से नक्सली परेशान है और कायराना हरकतें कर रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। माओवाद के खात्मे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
सीएम साय ने कार्रवाई के दौरान शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति और हमले में घायल हुए चार जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में दो एसटीएफ के जवानों के शहीद होने और चार जवानों के घायल होने के दुखद समाचार मिले हैं। मैं ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

आपको बता दें कि बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए हैं। विस्फोट में चार अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। बीजापुर पुलिस के मुताबिक बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के बीच सीमा क्षेत्र में दरभा डिविजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन और मिलिट्री कंपनी नंबर दो के नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर उक्त जिलों से एसटीएफ, डीआरजी, कोबरा और सीआरपीएफ की टीम 16 जुलाई को संयुक्त अभियान पर निकली थी।
विस्फोट में शहीद जवानों की पहचान रायपुर निवासी कांस्टेबल भरत साहू और नारायणपुर निवासी कांस्टेबल सत्येवीर सिंह कांगे के रूप में हुई है। नक्सल विरोधी अभियान में शामिल सुरक्षा कर्मी जिले में तलाशी अभियान से लौट रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई को बीजापुर जिले के तर्रेम इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में दो एसटीएफ जवान शहीद हो गए और चार जवान घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं और एसटीएफ जवानों के उपचार के लिए व्यवस्था की गई है।
नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बुधवार को महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर मंडोली गांव में बड़ा हमला किया। इसमें 12 नक्सली मारे गए और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। सुबह करीब 10 बजे शुरू किए गए इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में सी60 दलों ने हिस्सा लिया। क्षेत्र में 12-15 नक्सलियों के मौजूद होने की विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर यह हमला किया गया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों के 12 शव बरामद हुए हैं। जिनमें टिपागड़ दलम के प्रभारी डीवीसीएम लक्ष्मण आत्राम उर्फ विशाल आत्राम शामिल है। अभियान के दौरान 7 स्वचालित आग्नेयास्त्रों सहित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान सी60 यूनिट के एक पुलिस सब इंस्पेक्टर और एक जवान को गोली लगी। दोनों को सुरक्षित निकालकर नागपुर ले जाया गया है। अब दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications