प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को कांग्रेस ने ठुकराया तो सीएम साय बोले- लोग आपको ठुकराएंगे
अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण तेजी से चल रहा है। यहां राम लला 22 जनवरी को गर्भगृह में विराजमान होने जा रहे हैं। 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम की तैयारियां जोर शोर से चल रही है।
इस बीच जिस तरह से कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने से इनकार करते हुए निमंत्रण को ठुकरा दिया है उसपर भाजपा ने तीखा हमला किया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता इन लोगो को ठुकराएगी।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह तो गलत है, ये लोग दोहरा मापदंड अपनाते हैं। कभी ये लोग राम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाते हैं और कभी चुनाव में सनातनी बन जाते हैं। इनकी बात में कोई ठिकाना नहीं है। इस बार इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को ठुकराया है जनता भी इन लोगों को ठुकराएगी। बता दें कि अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत समेत देश के कई गणमान्य हिस्सा लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की मॉनिटरिंग खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। वो लगातार यहां चल रही तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। अयोध्या में बड़ी संख्या में आने वाले मेहमानों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भी हर संभव सुविधा मुहैया कराने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications