Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में IED डिफ्यूज करते वक्त धमाका, सीआरपीएफ की 85 बटालियन का जवान घायल
Chhattisgarh Bijapur News: विधानसभा चुनाव में नक्सलियों का चुनाव बहिष्कार का ऐलान जहां अंदरूनी इलाकों में दहशत फैला रहा है, वहीं बीजापुर जिले के बुरजी क्षेत्र में नक्सलियों की लगाई आईईडी पुलिस जवानों ने बरामद की है। जवानों ने आईईडी को निष्क्रिय कर दिया है, लेकिन इसे निष्क्रिय करने के दौरान एक जवान घायल हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के बुरजी में नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने आईईडी प्लांट किया था। इन दिनों विधानसभा चुनाव को लेकर जवान सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने जंगलों की खाक छान रहे हैं। इसी बीच सर्चिंग में जवानों ने 3 किलो वजनी आईईडी बरामद की है।

सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन के जवानों की टुकड़ी गंगालूर थाने से गश्त-सर्चिंग अभियान के लिए निकली थी। इसी बीच आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई के दौरान आरक्षक प्रशांत भुइया को आईईडी में भरे कुछ कण छिटक कर लग गए, जिससे वे घायल हो गए। पुसनार कैम्प में घायल जवान का प्राथमिक उपचार किया गया।
घायल जवान की हालत पूरी तरह से खतरे से बाहर बताई जा रही है। बहरहाल लोकतंत्र के इस महापर्व को प्रभावित करने नक्सलियों द्वारा तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications