कोरबाः आरोपी ने पीड़िता को हंसिए से काटा, नहाते हुए महिला का वीडियो कर दिया था वायरल
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में छेड़खानी और अश्लील हरकत करने वाले आरोपी ने पीड़िता पर बीते शुक्रवार को हमला कर दिया। इस दौरान उसने पीड़िता को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर हंसिए से कई ललार किया। इस पूरे घटनाक्रम का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो काफी विभत्स है। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

एकतरफा प्यार में था आरोपी
महिला को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया हुआ था। आरोपी ने महिला का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। यह पूरा मामला एकतरफा प्यार का है, जिसमें युवक ने इस घटना को अंजाम दिया है।

पास के किराए के कमरे में रहता था युवक
सीएसईबी चौकी क्षेत्र में बुधवारी के गांधी चौक के पास कुछ महीने पूर्व मुंगेली की महिला परिवार के साथ किराए पर रहती थी। वहीं पास में ही लोरमी का ही इंद्रपाल टोंडे नाम का शख्स भी आकर किराए पर रहने लगा। महिला से एकतरफा प्यार के चक्कर में उसने नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी। इससे आजिज होकर महिला खपराभट्टा छाना क्षेत्र में जाकर किराए पर रहने लगी तो शख्स भी वहीं पर कमरा लेकर रहने लगा और महिला को परेशान करना शुरू कर दिया।

नहाने का वीडियो कर दिया था वायरल
अक्टूबर माह में आरोपी इंद्रपाल ने मोबाइल से महिला का आंगन में नहाते हुए वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। महिला को जब इस बात की जानकारी हुई तो उसने इंद्रपाल से वीडियो हटाने के लिए कहा पर वह माना नहीं। इस पर महिला ने .युवक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं कुछ दिन पहले जमानत पर रिहा होने के बाद शुक्रवार को महिला को अकेला पाकर उसने हंसिए से हमला कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications