CG Election 2023: चुनावी माहौल में बढ़ी नक्सलियों की सक्रियता, पीएम मोदी और सीएम योगी पत्र
CG Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए अब केवल 3 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में जहां प्रत्याशी लगातार चुनाव प्रचार में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान भी कर रखा है।
बावजूद राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं का दौरा भी बस्तर में लगातार जारी है। मालूम हो कि पहले चरण में बस्तर संभाग की 12 सीटों सहित 20 सीटों पर मतदान होना है। इधर नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभाओं का भी विरोध कर दिया है।

बस्तर के अंदरूनी इलाकों में नक्सलियों ने नया फरमान जारी करते हुए मोदी-योगी की सभाओं का विरोध करने कहा है। दरअसल शुक्रवार को कांकेर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी आमसभा थी, जिससे पहले नक्सलियों ने 3 लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद रविवार को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोंटा व बस्तर विधानसभा में चुनावी आमसभा होनी है।
नक्सलियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प ने जारी बयान में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के कारण देश का लोकतंत्र खतरे में है। देश की व्यवस्था का फासीकरण किया जा रहा है। वहीं नक्सली प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में भाजपा ने आदिवासी विरोधी नीतियां बनाई हैं और पूंजीपतियों के लिए बनाई गई नीतियों से आदिवासी क्षेत्रों में उत्पन्न समस्या को इलाके के लोग बखूबी जानते हैं।
नक्सलियों ने फरमान जारी किया है कि पीएम मोदी और उत्तरप्रदेश के सीएम योगी के चुनावी सभाओं का बहिष्कार करना है। इसके साथ ही कांग्रेस व भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को मार भगाने का फरमान भी जारी किया गया है। नक्सलियों के इस फरमान से अब अंदरूनी इलाकों में दहशत का माहौल है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications