भूपेश बघेल ने BJP पर बोला हमला, कहा- बीजेपी हार मान चुकी है, ED के जरिए लड़ा रही है चुनाव
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बीच सट्टेबाजी वाली महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े खुलासों ने राजनीति को गर्मा दिया है। अब इस मामले में सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। सीएम बघेल ने कहा, 'जांच करिए किसने मना किया है? अगर आरोप लगाना है तो मैं भी लगा देता हूं।'
सोमवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, इसकी जांच 2 साल से चल रही है। जब तक ऑनलाइन सट्टेबाजी पर रोक नहीं लगेगी, कुछ नहीं रुकेगा। ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वालों के लाखों फर्जी अकाउंट हैं। केंद्र सरकार को इनकी पहचान कर इन्हें बंद करना चाहिए।

सीएम बघेल ने आगे कहा कि ये ऐप (महादेव) भारतीय सर्वर पर प्ले स्टोर में नहीं है। इसपर कार्रवाई करनी चाहिए। यह वॉट्सएप और टेलीग्राम से भी संचालित हो रहा है। ऑनलाइन बेटिंग बंद होनी चाहिए। हमने तीन-चार हजार फर्जी बैंक अकाउंट बंद कराए हैं।
सीएम ने कहा कि, 17 तारीख तक ऐसे ही कहानी आती रहेगी। कभी कोई नाम आएगा, कभी कुछ आएगा। बीजेपी को पता है कि, वह हार रही है।इनको अपने आका के लिए छत्तीसगढ़ की खदानें चाहिए। मैं कह रहा हूं कि बीजेपी खुद चुनाव नहीं लड़ रही है, वे ईडी और आईटी के जरिए चुनाव लड़ रहे हैं।
सीएम बघेल ने आगे कहा कि, कुछ समाचार चैनलों ने एक वीडियो दिखाया है जिसमें एक व्यक्ति यह दावा कर रहा है कि वह मुझसे मिला और मैंने उसे संरक्षण देने का आश्वासन दिया और उसे दुबई जाकर व्यवसाय करने का भी सुझाव दिया। मुझे आश्चर्य है कि एक अनजान व्यक्ति के बयान को सभी ज़िम्मेदार टीवी चैनल किस आधार पर चला रहे हैं? सिर्फ़ इस आधार पर कि इसमें मेरा नाम है? क्या यह मानहानि का मामला नहीं है?
उन्होंने कहा कि, यह कोई रहस्य नहीं है कि ये वीडियो क्यों आया है और कैसे आया है और यह भी समझना कठिन नहीं है कि ऐन चुनाव के वक़्त ऐसा बयान भाजपा को फ़ायदा पहुंचाने के लिए ही जारी किया गया है। यह भी हर कोई समझ रहा है कि ईडी को हथियार बनाकर ही ऐसा किया जा रहा है। दरअसल भाजपा अब ईडी के सहारे ही चुनाव लड़ रही है और मुझे बदनाम करने के लिए ईडी का इस्तेमाल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications