CG: अमित शाह जगदलपुर से फूंकेंगे छत्तीसगढ़ का चुनावी बिगुल, बस्तर क्षेत्र की 12 सीटों पर है भाजपा की नजर
Chhattisgarh election 2023: छत्तीसगढ़ में चुनाव तारीखों के(Chhattisgarh assembly election 2023) ऐलान के बाद बीजेपी के केंद्रीय नेताओं का छत्तीसगढ़ आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक बार छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आ रहें हैं। शाह के दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां शुरु हो गई है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीते 4 महीनों में दूसरी बार 19 अक्टूबर को जगदलपुर दौरे पर रहेंगे। विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृहमंत्री शाह जगदलपुर में प्रत्याशियों की नामांकन रैली में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे लालबाग मैदान में चुनावी आमसभा को भी संबोधित करेंगे।

मालूम हो कि पिछली बार जुलाई में शाह जगदलपुर पहुंचे थे, जहां से वे सीआरपीएफ के स्थापना दिवस पर करनपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद पिछले महीने भाजपा की परिवर्तन यात्रा में भी उन्हें शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे नहीं पहुंच पाए। इसके बाद अब 19 अक्टूबर को होने वाली नामांकन रैली में शामिल होने शाह जगदलपुर में मौजूद रहेंगे।
बताया जाता है कि शाह के दौरे को लेकर भाजपा तैयारियों में जुट गई है। ऐसे में 19 अक्टूबर को वे जगदलपुर प्रत्याशी किरण देव, बस्तर प्रत्याशी मनीराम कश्यप व चित्रकोट प्रत्याशी विनायक गोयल के साथ उनकी नामांकन रैली में शामिल होंगे।
रैली भाजपा कार्यालय से माईं दंतेश्वरी मंदिर जाएगी, जिसके बाद माईं जी के दर्शन के बाद भाजपा प्रत्याशी कलेक्टोरेट में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं लालबाग मैदान में आयोजित होने वाली आमसभा को भी संबोधित करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जगदलपुर प्रवास 19 अक्टूबर को होगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। शाह नामांकन रैली में शामिल होने के साथ ही लालबाग मैदान में आयोजित होने वाली चुनावी आमसभा को भी संबोधित करेंगे।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications