छत्तीसगढ़ः 40 वर्षीय महिला के साथ 22 साल के प्रेमी ने डैम में लगाई छलांग, युवक की हो गई मौत
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गुरुवार को एक विधवा महिला अपने प्रेमी के साथ बांकी डैम में आत्महत्या करने के लिए छलांग लगा दी। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन इस दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। जबकि महिला को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। इसके बाद लोगों ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं इस मामले को लेकर अंबिकापुर कोतवाली के एसआई राकेश यादव ने बताया कि 22 वर्षीय संतोष शमाका का पड़ोस में रहने वाली 40 वर्षीय विधवा महिला के साथ प्रेम संबंध था।

उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व दोनों अचानक घर से लापता हो गए थे। घरवाले उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे। इस दौरान गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजे दोनों के बांकी डैम में कूदने की खबर मिली। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डैम से निकालने के लिए गोताखोर को बुलाया। गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला।
जबकि महिला तैरकर किनारे आ कर बेहोश पड़ी थी, जिसे स्थानीय लोगों ने मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि परिवार वालों के खिलाफ जाकर 22 वर्षीय संतोष ने कुछ दिन पहले 40 वर्षीय महिला से घर से भाग कर शादी कर ली थी, जिसकी मंजूरी घर वालों ने नहीं दी।
घटना के दौरान मौजूद लोगों के मुताबिक बांकी डैम पर एक युवक और महिला गुरुवार की दोपहर को पहुंचे थे। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे कि तभी अचानक दोनों ने एक साथ डैम में छलांग लगा दी। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन युवक की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications