भूपेश बघेल और टीएस सिंह देव में फिर बढ़ी रार! जानिए क्यों टीएस सिंह ने कहा- पहली गोली मैं खाऊंगा?
रायपुर, जून 07। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के बीच का विवाद कोई नया नहीं है। कुछ महीने पहले इन दोनों के बीच का विवाद जगजाहिर हुआ था, लेकिन पार्टी हाईकमान ने दोनों की सुलह करा दी थी, लेकिन अब फिर से दोनों के बीच के रिश्ते मनमुटाव की खाई में जाते दिख रहे हैं। दरअसल, दो माइनिंग प्रॉजेक्ट्स को लेकर दोनों नेता आमने-सामने आ गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हसदेव अरण्य क्षेत्र में दो माइनिंग प्रॉजेक्ट्स का विरोध करने वालों को लेकर भूपेश बघेल ने तीखी बयानबाजी की थी, लेकिन टीएस सिंह देव उन्हीं विरोध करने वाले लोगों के बीच चले गए हैं और कहा है कि अगर कोई इनके विरोध को दबाने की कोशिश करेगा तो पहली गोली मैं खाऊंगा। टीएस सिंह देव सोमवार को सरगुजा में चल रहे इन्हीं माइनिंग प्रोजेक्ट्स के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए। यहीं पर उन्होंने यह चुनौतीपूर्ण बात कही। आपको बता दें कि सरगुजा क्षेत्र टीएस सिंह देव का निर्वाचन क्षेत्र भी है।
जानकारी के मुताबिक, टीएस सिंह देव ने सरगुजा के उदयपुर विकास खंड स्थित घाटबर्रा, हरिहरपुर, सलही और बसान गांव का दौरा किया, जहां खनन के लिए दो माइनिंग प्रॉजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। सिंह देव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वह इस जंग में उनके साथ हैं और उनके लिए लड़ने वालों में आगे रहेंगे।
आपको बता दें कि शनिवार को भूपेश बघेल ने कहा था कि जो लोग माइनिंग प्रॉजेक्ट का विरोध कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने घर की बिजली बंद कर लेनी चाहिए। भूपेश बघेल के इस बयान के बाद टीएस सिंह देव ने प्रदर्शनकारियों का साथ देते हुए कहा है कि गुजरात के एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने मुझे बताया कि छत्तीसगढ़ में जो रहा है उसका गुजरात में असर है और यदि हम गुजरात में लड़ना चाहते हैं... हमें यह समझना है कि इसका (विरोध) वहां असर है। यह आपके विरोध की वजह से है.... लेकिन सिर्फ विरोध आपके जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करेगा। एकजुट हो जाओ और यदि कोई बंदूक लेकर आता है तो मैं पहली गोली खाऊंगा।''












Click it and Unblock the Notifications