Senthil Balaji ED Custody में 23 जून तक रहेंगे, मंत्रालय दूसरे को मिला! पूछताछ के लिए डॉक्टर से परमिशन जरूरी
तमिलनाडु सरकार में मंत्री Senthil Balaji ED Custody में 23 जून तक रहेंगे। स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के कारण, तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी का बिजली विभाग वित्त मंत्री थंगम थेनारासु को दिया गया है। मद्यनिषेध और उत्पाद शुल्क विभाग आवास और शहरी विकास मंत्री मुथुसामी को दिया गया है।
मंत्रालयों का प्रभार सहयोगी मंत्रियों को मिलने के बावजूद सेंथिल बालाजी बिना पोर्टफोलियो के मंत्री बने रहेंगे। गवर्नर ने इसकी अनुमति दे दी है। ईडी की कस्टडी में भेजे गए बालाजी की स्वास्थ्य स्थितियों को देखते हुए अदालत ने हिरासत पर कुछ शर्तें भी लगाई हैं।

मंत्री सेंथिल बालाजी को शुक्रवार को चेन्नई मेट्रोपॉलिटन सत्र अदालत द्वारा कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हिरासत में भेजा है। अदालत ने कहा, आरोपी को कावेरी अस्पताल से बाहर नहीं ले जाया जा सकता।
अदालत ने कहा, ईडी के उप निदेशक उसके इलाज को ध्यान में रखते हुए और डॉक्टरों से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद ही अस्पताल में उससे पूछताछ करेंगे। इन्क्वायरी के दौरान बालाजी के इलाज में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।
अदालत ने कहा, हिरासत में बालाजी को समुचित भोजन उपलब्ध कराना चाहिए। थर्ड-डिग्री या किसी भी क्रूरता का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। पूछताछ के दौरान कोई धमकी या जबरदस्ती नहीं की जाएगी। बालाजी के परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने की अनुमति रहेगी।
सेंथिल बालाजी के केस में अदालत में साफ किया है कि आरोपी सेंथिल बालाजी को आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाएगी। ईडी के उप निदेशक को निर्देश दिया जाता है कि आरोपी को 23 जून को अपराह्न तीन बजे तक वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पेश किया जाएगा। इसके बाद अदालत ने याचिका मंजूर कर ली।
गौरतलब है कि सेंथिल बालाजी को ईडी ने पहले कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। बालाजी के 'स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों' का हवाला देते हुए, तमिलनाडु सरकार ने कहा कि उनके विभागों को दो अलग-अलग DMK मंत्रियों को फिर से आवंटित किया गया है।
बता दें कि सेंथिल बालाजी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बाद सीएम स्टालिन ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। बयान में उन्होंने दावा किया कि डीएमके बीजेपी की 'धमकियों' से नहीं डरेगी और जनता अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में केंद्र की सत्ताधारी पार्टी को सबक सिखाएगी।
कई विपक्षी नेताओं ने बीजेपी पर "राजनीतिक उद्देश्यों" के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि डीएमके दृढ़ता से अपने नेता के पीछे है और मामले में एक मजबूत कानूनी बचाव करेगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ईडी ने पूछताछ के दौरान सेंथिल बालाजी को इस हद तक प्रताड़ित किया कि उन्हें सीने में दर्द हुआ। स्टालिन ने बुधवार को कहा कि उनके यह कहने के बाद भी कि मंत्री जांच में सहयोग कर रहे हैं। 'दबाव' इस हद तक डाला गया कि उन्हें सीने में दर्द हुआ।
बुधवार तड़के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए ईडी अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान बालाजी के रोने की तस्वीरें भी सुर्खियों में रही थीं। केंद्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार को उनके परिसरों पर छापा मारने के बाद द्रमुक नेता से पूछताछ की।












Click it and Unblock the Notifications