सदन में AIADMK विधायक 'अम्मा' की तारीफ में गाते रहे गीत, ध्यान से सुनती रही जया
चेन्नई। इन दिनों तमिलनाडु में 15वीं विधानसभा का सत्र चल रहा है लेकिन यहां जरूरी मुद्दों पर चर्चा कम, अम्मा की शान में गाने खूब गाए जा रहे हैं।

हालांकि शुरूआत राज्यसभा से हुई थी जब कश्मीर पर चर्चा के दौरान आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) सांसद ए.नवनीत कृष्णन ने गाना शुरू कर दिया था।
उन्होंने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के राजनीतिक गॉडफादर और एआईएडीएमके के संस्थापक एमजीआर की फिल्म इदया विनाई का गीत 'कश्मीर, सुंदर कश्मीर' गाना शुरू कर दिया।
नहीं रूका क्रम
हालांकि यह क्रम रुका नहीं बल्कि अब विधानसभा में भी विधायक और मंत्री अम्मा की शान में गीत गाते हैं। सभी माननीय अम्मा के लिए वही गीत गाते हैं जो एमजीआर की फिल्मों के हों।
बीते शुक्रवार को सदन में सत्र के दौरान राज्य के कृषि मंत्री डी.डोरई कन्नू एक सवाल का जवाब देते वक्त एमजीआर की ही फिल्म विवासई का गाना विवासई विवासई (किसान,किसान ) गाने लगे।
हालांकि ऐसा माना जाता है कि कृषि मंत्री चापलूसी के लिए विख्यात हैं।
भगवान मुरुगन की जगह कर दिया अम्मा का नाम
इतना ही नहीं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सी विजयभास्कर ने मुख्यमंत्री की तारीफ में शिवाजी गणेशन की मूवी बाबू का गीत गया।
इन सब में कोई खुद को सबसे आगे रखने में कामयाब हुआ तो वो थे विधायक सी विजयकुमार। उन्होंने भगवान मुरुगन पर लिखे गीत के शब्द बदलकर अम्मा की तारीफों के पुल बांध दिए। विजयकुमार के इस गीत को मुख्यमंत्री भी सुनती रहीं।
हालांकि सत्ताधारी दल के विधायकों की ओर से गीत गाना विपक्षी दल के सदस्यों को पसंद नहीं आ रहा है। उनकी शिकायत है कि स्पीकर गीत गाने के लिए समय दे देते हैं लेकिन गंभीर विषय पर चर्चा नहीं होती।












Click it and Unblock the Notifications