VIDEO: चंडीगढ़वासियों ने बनाया दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा, UAE का रिकॉर्ड टूटा
चंडीगढ़। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश 'आजादी का अमृत महोत्सव' मना रहा है। हर-घर तिरंगा अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही इस बार, तिरंगे के कई रिकॉर्ड भी बन रहे हैं। आज चंडीगढ़ में दुनिया के सबसे बड़े राष्ट्रीय ध्वज की मानव छवि पेश की गई, जिसमें तिरंगे के रंगों वाली पोशाक पहने लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। मौके से इसका लाइव प्रसारण भी हुआ। आप वीडियो में देख सकते हैं कि, 'वर्ल्ड लार्जेस्ट हुमन इमेज ऑफ ए वेविंग नेशनल फ्लैग' के लिए उत्साहित लोगों ने कैसे हिस्सा लिया।
Recommended Video

चंडीगढ़ स्टेडियम में लोगों ने बनाया ऐसा तिरंगा
बता दें कि, यह विशेष आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्टेडियम में हुआ। जिसमें जुटे बच्चे, जवान और महिलाओं ने राष्ट्रीय ध्वज की सबसे बड़ी मानव छवि दर्शाई। इस दौरान उन्होंने कई खेल भी खेले। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। न्यूज एजेंसी ने बताया कि, आज दोपहर यहां चंडीगढ़ के सेक्टर 16 स्टेडियम में लहराते हुए राष्ट्रीय ध्वज की सबसे बड़ी मानव छवि का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है।

यूएई के रिकॉर्ड को तोड़कर बनाया नया रिकॉर्ड
इस तरह का राष्ट्रीय ध्वज पहले अरब प्रायद्वीप के देश यूएई में बना था। चंडीगढ़ वासी पहले के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए तिरंगा का रिकॉर्ड बनाने की तैयारियां पिछले कई दिनों से कर रहे थे। और, आज यह रिकॉर्ड तब बन गया, जब इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए 5885 लोगों की भीड़ उमड़ी।
इस मौके पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (GWR) के अधिकारी स्वप्निल डांगारीकर ने कहा, ''इस रिकॉर्ड का टाइटल 'लार्जेस्ट हुमन इमेज ऑफ ए वेविंग नेशनल फ्लैग' है। ऐसा एक रिकॉर्ड सालों पहले यूएई में बनाया गया था। आज, वह रिकॉर्ड टूट गया, जब चंडीगढ़ में 5,885 लोगों ने नया रिकॉर्ड बना डाला। सभी को भागीदारी के लिए धन्यवाद।'












Click it and Unblock the Notifications