पंजाब: 2 घंटे और बढ़ाया गया 9 जिलों में लगे कर्फ्यू का समय, सीएम ने दिए सख्ती बरतने के निर्देश
चंडीगढ़। भारत के कई राज्यों में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को भारत में कोरोना की दूसरी लहर के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्य रूप से महाराष्ट्र, तमिनाडु, केरल, पंजाब, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, गुजरात में कोरोना के मामलों में सबसे ज्यादा वृद्धि देखने को मिली है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश के 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है, नाइट कर्फ्यू के टाइम को भी दो घंटे और बढ़ाया गया है। जो अब रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।

पहले इसकी समय सीमा रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए तय की गई थी। पंजाब में ये पाबंदियां आज रात से ही लागू हो जाएंगी। पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर इस बात का ऐलान किया और जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, 'विशेषज्ञों के परामर्श के आधार पर अलगे दो दिनों में और अधिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे। राज्य में कोरोना कि स्थिति खतरनाक है मैं इसे लेकर काफी सख्त होने जा रहा हूं।'
यह भी पढ़ें: लापरवाही के कारण बढ़े कोरोना केस, टेस्टिंग-ट्रैकिंग और आइसोलेशन की जरूरत: AIIMS डायरेक्टर गुलेरिया
राज्य के जिन नौ जिलों में कर्फ्यू लगाया गया है उनमें लुधियाना, मोहाली, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, कपूरधला और होशियारपुर शामिल हैं।
गौरतलब है कि बुधवार को राज्य में कोरोना के 2,039 मरीज सामने आए थे। इसके अलावा पंजाब में कोरोना वायरस के कारण मृत्यु दर भी सबसे अधिक है। पंजाब में कोरोना वायरस के कारण मृत्यु दर 4.5 फीसदी के करीब पहुंच गई है।