'खालिस्तान' के आरोपों पर बोले राघव चड्ढा, यदि केजरीवाल ने ऐसा कहा था तो कुमार इतने दिनों तक चुप क्यों रहे
आम आदमी पार्टी ने कवि कुमार विश्वास द्वारा अरविंद केजरीवाल पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि एक रणनीति के तहत उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
चंडीगढ़, 17 फरवरी। आम आदमी पार्टी ने कवि कुमार विश्वास द्वारा अरविंद केजरीवाल पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि एक रणनीति के तहत उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। राघव चड्ढा ने गुरुवार को कहा कि जब कुमार विश्वास को मालूम था कि केजरीवाल स्वतंत्र देश के पहले प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं तो वे पार्टी से इतने लंबे समय तक कैसे जुड़े रहे।

भाजपा द्वारा शेयर किये गए वीडियो के बाद मचा बवाल
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को कुमार विश्वास का एक वीडियो शेयर किया था। आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक कुमार विश्वास ने इस वीडियो में कहा कि केजरीवाल चाहते थे कि या तो वे पंजाब के मुख्यमंत्री बनें या खालिस्तान के प्रधानमंत्री। कुमार ने आगे कहा कि केजरीवाल अपने इरादे में कामयाब होने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कुमार विश्वास के आरोपों पर सिद्धू का केजरीवाल पर हमला, कहा- 'नकली चेहरा सामने आए, असली सूरत छुपी रहे'
फिर इतने दिनों तक चुप क्यों रहे कुमार विश्वास
चड्ढा ने कुमार विश्वास के आरोपों पर कहा कि यदि अरविंद केजरीवाल ने उनसे ऐसा कहा था तो इतने सालों तक उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को केजरीवाल के मंसूबों के बारे में क्यों नहीं बताया। पंजाब विधानसभा चुनाव से 1-2 दिन पहले ही उन्हें ये बात क्यों ध्यान आई। चड्ढा ने कुमार विश्वास पर पलटवार करते हुए कहा कि आप पार्टी में 2018 तक रहे और जब आपको राज्यसभा में अपनी मनचाही सीट नहीं मिली, तो आपने यह दुष्प्रचार शुरू कर दिया।
चुनावों से ठीक पहले केजरीवाल को बदनाम करने की साजिश
राघव चड्ढा ने कहा, 'यह एक राजनीतिक षड्यंत्र है। कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल का फर्जी वीडियो डाला। उसके ठीक बाद, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और केजरीवाल पर एक ही शब्दों में आतंकवादी होने का आरोप लगाया। टीवी चैनलों को फर्जी वीडियो चलाने और प्राइम टाइम पर बहस करने के लिए कहा गया।'
उन्होंने आगे कहा कि प्रियंका गांधी से लेकर पीएम नरेंद्र मोदी तक, अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधने के लिए सभी ने कुमार विश्वास का साथ दिया, जो अभी-अभी निर्वासन से बाहर आए हैं। वे उसे आतंकवादी कह रहे हैं। उन्होंने कुमार विश्वास के बयान के समय पर भी सवाला उठाया। चड्ढा ने कहा कि केजरीवाल को बदनाम करने के लिए यह उनका नियमित प्रयास है दिल्ली चुनावों से ठीक पहले भी उन्होंने ऐसा किया था।
जनता न दे फर्जी दावों पर ध्यान
उन्होंने पंजाब की जनता से फर्जी दावों पर ध्यान न देने की अपील की और कहा कि इन पार्टियों को डर है कि अगर पंजाब में AAP जैसी ईमानदार पार्टी आ गई तो उनकी अवैध कमाई के स्रोत बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले 72 घंटों में ऐसे और प्रचार किए जाएंगे, लेकिन आप लोग इन फर्जी बातों पर ध्यान न दें।












Click it and Unblock the Notifications