पार्टी विरोधी कार्यों के लिए कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी को थमाया नोटिस, 7 दिन के अंदर मांगा जवाब
कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाने वाले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी पार्टी विरोधी कार्य करने के लिए कांग्रेस ने नोटिस थमाया है।
चंडीगढ़, 24 नवंबर। कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाने वाले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी पार्टी विरोधी कार्य करने के लिए कांग्रेस ने नोटिस थमाया है। कांग्रेस ने उनसे 7 दिन के अंदर अपना जवाब देने को कहा है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी की ओर से जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि पिछले कई दिनों से लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायकों, पटियाला के नेताओं और मीडिया से आपकी पार्टी विरोधी गतिविधियों की खबरें मिल रही हैं। आपके पति कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जब से पार्टी से इस्तीफा देकर अपनी पार्टी बनाई है तभी से ऐसी खबरें आ रही हैं। हमें यह भी बताया गया है कि आप मीडिया में अपने पति और उनकी पार्टी का पक्ष लेती हैं। कृपया सात दिनों के भीतर इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करें। अन्यथा पार्टी आपके खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगी।

क्या कांग्रेस छोड़ अमरिंदर की पार्टी में शामिल होंगी परनीत
बता दें कि कांग्रेस पार्टी के अंदर कई महीनों की कलह के बाद अमरिंदर सिंह ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था, उनके इस्तीफा देने के बाद यह बात भी लगभग साफ हो गई थी की वह पार्टी छोड़ेंगे, हालांकि उनकी पत्नी और पटियाला से कांग्रेस सांसद परनीत कौर ने कहा कि उस समय कांग्रेस छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं था। हालांकि हाल ही में जिस तरह से वह मीडिया में खुले तौर पर अपने पति के पक्ष में बोलती दिखी हैं, उससे साफ संकेत मिल रहा है कि वह भी कांग्रेस को अलविदा कह सकती हैं। परनीत कौर ने एक प्रतिष्ठित अखबार सामना से हुई बातचीत में कहा था, 'कैप्टन अमरिंदर सिंह हमेशा से अपने वादे पर कायम रहे हैं। मैं अपने परिवार के साथ हूं।' हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल होने जा रही हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: KISSING सीन करने में मुझे कोई दिक्कत नहीं, 'हिकअप्स ऐंड हुकअप्स' के बारे में पति को बताया था- लारा दत्ता
कांग्रेस और अमरिंदर के लिए सिरदर्द बनकर उभरी AAP
बता दें कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पंजाब में लड़ाई तेज होती जा रही है, खास तौर से आम आदमी पार्टी पंजाब में कांग्रेस और अमरिंदर सिंह की पार्टी के लिए खतरा बनकर उभरी है। वहीं, अमरिंदर सिंह ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वे आने वाले विधानसभा चुनावों में पटियाला से चुनाव लड़ेंगे। अमरिंदर 2002, 2007, 2012 और 2017 में भी पटियाला से चुनाव लड़ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications