Swiggy IPO: बाजार में लिस्ट होते ही 14% भागा स्विगी का शेयर, निवेशकों की बल्ले-बल्ले
Swiggy IPO: शेयर बाजार में एक और शेयर की लिस्टिंग हो गई है। Hyundai के आईपीओ के बार हर किसी की स्विगी के आईपीओ का इंतजार था, जोकि आज बाजार में लिस्ट हो गया है। स्विगी का आईपीओ तकरीबन 8 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। हालांकि बाजार में गिरावट का दौर लगातार जारी है, लेकिन बावजूद इसके स्विगी के आईपीओ को कुछ हद तक निवेशकों का बेहतर रुख देखने को मिला।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर स्विगी का शेयर 420 रुपये पर खुला। IPO के 390 रुपये के मूल्य से 7.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ लिस्ट हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर भी स्विगी के शेयर की अच्छी लिस्टिंग हुई है। बीएसई पर शेयर की शुरुआत 412 रुपये से हुई, जो IPO मूल्य से 5.6 प्रतिशत अधिक था।

14 फीसदी का उछाल
कमजोर बाजार के बावजूद स्विगी के शेयर में आज तकरीबन 14 फीसदी का उछाल देखने को मिला है। एनएसई पर स्विगी का शेयर 444 रुपए पर ट्रेड कर रहा है जबकि बीएसई पर स्विगी का शेयर 444.45 रुपए पर ट्रेड कर रहा है।
मजबूत शुरुआत के बावजूद, स्विगी के शेयर में शुरुआत के कुछ समय बाद ही उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसके कारण NSE पर इसकी कीमत 400.45 रुपये पर आ गई। यह करीब 5 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है।
लंबे समय से था इंतजार
जोमैटो के बाद फूड डिलीवरी में दिग्गज कंपनी स्विगी का लोगों को लंबे समय से इंतजार था। हालांकि आईपीओ को शुरुआती दिनों में ज्यादा रिस्पॉस नहीं मिला, लेकिन अंतिम दिन आईपीओ पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया।
आईपीओ सब्सक्रिप्शन तकरीबन 3.59 गुना भरा। स्विगी के आईपीओ के ऑफर प्राइस रेंज की बात करें तो 371 रुपये से 390 रुपये प्रति शेयर के बीच निर्धारित था। कंपनी ने इसके जरिए 11,327 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है।
एक्सपर्ट की राय
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी ने स्विगी के बारे में अपनी कवरेज की शुरुआत 'अंडरपरफॉर्म' रेटिंग के साथ की। फर्म ने प्रति शेयर 325 रुपये का मूल्य लक्ष्य निर्धारित किया। फर्म ने स्विगी की उल्लेखनीय वृद्धि की क्षमता को स्वीकार किया, लेकिन आगाह किया कि कंपनी का सफर चुनौतीभरा हो सकता है।
स्टॉक्सबॉक्स में शोध विश्लेषक आकृति मेहरोत्रा और आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स में फंडामेंटल रिसर्च के प्रमुख नरेंद्र सोलंकी ने भी स्विगी के शेयर में सकारात्मक सुझाव दिया है। उन्होंने मध्यम से लंबी अवधि के निवेश की सलाह दी है।
स्विगी ने खुद को भारत के तेजी से बढ़ते ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स मार्केट में एक अग्रणी खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है। इस क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है, वर्ष 2018 में कंपनी का बिजनेस 112 बिलियन रुपये से बढ़कर 2023 में अनुमानित 640 बिलियन रुपये तक हो गया है। 2028 तक इसके 1,400 से 1,700 बिलियन रुपये के बीच पहुंचने का अनुमान है। अपनी इंस्टामार्ट सेवा को बढ़ाने और ज़ोमैटो और ब्लिंकिट जैसे प्रतिस्पर्धियों के साथ कंपीट कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications