सरकार के फैसले के बाद शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल, निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
मुंबई। केंद्र सरकार ने जिस तरह से बैंकिंग सेक्टर को मजबूत करने के लिए 2.11 लाख करोड़ रुपए देने का फैसला लिया है, उसके बाद शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। पीएसयू बैंक इंडेक्स में 22 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। आज शेयर बाजार काफी तेजी के साथ खुला, सेंसेक्स 450 अंको की बढ़त के साथ 33086 तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी 10300 के आंकड़े को पार कर गया, जोकि एक रिकॉर्ड स्तर है। पब्लिक सेक्टर बैंकों को आर्थिक तंगी से उबारने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी मदद देने का फैसला लिया है। जिसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक सहित तमाम बैंकों के शेयर मार्केट में जबरदस्त उछाल देखने को मिली है और उनके शेयर काफी उपर ट्रेंड कर रहे हैं। ऐसे में साफ है कि वित्त मंत्री अरुण जेटली के ऐलान का असर बैंकिंग सेक्टर में साफ तौर पर देखा जा सकता है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने मंगलवार को 6.99 लाख करोड़ रुपए के रोड प्रोजेक्ट्स की घोषणा की थी, साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए 2.11 लाख करोड़ रुपए के कैपिटलाइजेशन प्लान को मंजूरी दी गई। इस बड़ी घोषणा को करते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था की बुनियाद काफी मजबूत होगी, इस बाबत वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन भी दिया है। इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि यह निवेश विकास, रोजगार और बैकों की स्थिति को मजबूत करने के लिए किया गया है। इसके लिए 1.35 लाख करोड़ रुपए के बॉड जारी किए जाएंगे। साथ ही 76 हजार करोड़ रुपए की मदद बजट और बाजार से दी जाएगी। सरकार 18 हजार करोड़ रुपए इंद्रधनुष योजना के तहत बैंकों को देगी।
इसे भी पढ़ें- गोल्डमैन सैक्स ने किया दावा, कुछ महीनों के अंतर पर अपने प्लान की कीमतें बढ़ाता रहेगा रिलायंस जियो












Click it and Unblock the Notifications