SBI के पूर्व एसोसिएट बैंकों के चेक बुक की वैधता बढ़ी, 31 दिसंबर तक किए जा सकेंगे इस्तेमाल
नई दिल्ली। अगर आपके पास भी भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व एसोसिएट बैंकों की चेक बुक है और आप इस बात से घबराए हुए हैं कि आपकी चेक बुक बेकार हो गई है तो जरा रुकिए। भारतीय स्टेट बैंक ने ऐसे लोगों के लिए एक राहत भरी सूचना दी है। अब आप इन बैंकों की चेक बुक को 31 दिसंबर तक इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पहले भारतीय स्टेट बैंक की तरफ से इसकी आखिरी तारीख 30 सितंबर निर्धारित की गई थी। बुधवार को देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने एक ट्वीट करते हुए कहा कि उसके पूर्व एसोसिएट बैंकों के चेक बुक की वैधता की आखिरी तारीख को भारतीय रिजर्व बैंक ने 31 दिसंबर 2017 तक बढ़ा दिया है। ट्वीट में भारतीय स्टेट बैंक ने सभी ग्राहकों से निवेदन किया है कि वह 31 दिसंबर 2017 से पहले नई चेक बुक के लिए आवेदन कर लें ताकि उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी न झेलनी पड़े।

भारतीय स्टेट बैंक की तरफ से ग्राहकों को मैसेज भी किए जा रहे हैं ताकि ग्राहक अपने पुराने बैंक की चेकबुक को बदल लें और नई चेकबुक ले लें। आपको बता दें कि एसबीआई में स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर और भारतीय महिला बैंक का विलय हो चुका है। इस विलय के बाद से ही वह लोग काफी चिंता में थे, जो एसोसिएट बैंकों के चेक बुक इस्तेमाल कर रहे थे। भारतीय स्टेट बैंक की इस नई सूचना के बाद इन लोगों को काफी राहत मिली है।
ग्राहक नई चेक बुक के लिए इंटरनेट या मोबाइल बैंकिंग से आवेदन कर सकते हैं। इतना ही नहीं, आप अपनी होम ब्रांच जाकर भी नई चेक बुक ले सकते हैं। इसके अलावा आपके पास एटीएम जाकर नई चेक बुक के लिए आवेदन करने का भी विकल्प है। तो अगर आप भी चेक बुक से जुड़ी तमाम परेशानियों से बचना चाहते हैं तो तुरंत ही नई चेक बुक ले लें।












Click it and Unblock the Notifications