GST दरों में बंपर कटौती की तैयारी में मोदी सरकार! लग्जरी से लेकर डेली यूज सामान तक पर घटेगा टैक्स
दिवाली से पहले केंद्र सरकार देशवासियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। खबर है कि मौजूदा 28% गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) स्लैब में आने वाले करीब 90% सामान को 18% GST स्लैब में ला दिया जाएगा। यानी अब महंगे टैक्स वाले ज्यादातर प्रोडक्ट सस्ते हो सकते हैं।
सरकार ने GST संरचना में मौजूदा 12% और 28% टैक्स स्लैब को खत्म कर दो स्लैब में बदलने का प्रस्ताव रखा है। फिलहाल 12% टैक्स स्लैब में आने वाले लगभग 99% सामान को 5% टैक्स श्रेणी में लाया जाएगा, जबकि 28% टैक्स स्लैब में आने वाले ज्यादातर सामान - जिनमें वाइट गुड्स (जैसे फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि) भी शामिल हैं - को 18% टैक्स श्रेणी में शिफ्ट किया जाएगा।

नए GST ढांचे में सिर्फ दो दरें रखने का प्रस्ताव रखा जा सकता है!
हिन्दुस्तान टाइम्स ने रिपोर्ट में दावा किया है कि सरकारी सूत्रों के मुताबिक, नए GST ढांचे में सिर्फ दो दरें रखने का प्रस्ताव है - 5% और 18%। जहां रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें और आम आदमी के लिए जरूरी सामान पर 5% टैक्स लगेगा, वहीं लग्जरी सामान पर 40% तक का स्पेशल GST लगाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल यह सिर्फ एक प्रस्ताव है और अंतिम फैसला सभी सदस्य राज्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही लिया जाएगा। केंद्र सरकार मौजूदा मल्टी-रेट सिस्टम को सरल बनाने के लिए दो-स्लैब संरचना की ओर बढ़ने का प्रस्ताव रख रही है।
NDTV प्रॉफिट के मुताबिक, "केंद्र सरकार सभी लंबित मुद्दों को समग्र रूप से देख रही है और अगली GST काउंसिल बैठक में एक व्यापक पैकेज पेश करने का प्रस्ताव रखेगी।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रस्ताव अमेरिकी टैरिफ या किसी भू-राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़ा नहीं है।
ये फैसला पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण के कुछ घंटों बाद सामने आया है। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि सरकार दिवाली के आसपास GST में बड़े बदलाव लाने वाली है, जिसे उन्होंने "डबल दिवाली गिफ्ट" बताया।
पीएम मोदी ने GST को लेकर क्या कहा?
यह विकास ऐसे समय में हुआ है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 79वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण में GST व्यवस्था में बड़े बदलाव की घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा, "पिछले आठ साल में GST सुधार से देशभर में टैक्स का बोझ कम हुआ है। अब समय आ गया है कि इसकी समीक्षा की जाए। हमने हाई पावर्ड कमेटी बनाई है और राज्यों से भी बात की है। अब हम 'नेक्स्ट जेनरेशन GST रिफॉर्म' ला रहे हैं। यह पूरे देश के लिए दिवाली गिफ्ट होगा।"
सरकार का दावा है कि नए GST ढांचे से न सिर्फ आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि MSME और छोटे उद्योगों को भी काफी फायदा होगा।












Click it and Unblock the Notifications