Indian Stock Market: क्या भारतीय शेयर बाजार में खत्म हो गया गिरावट का दौर, अब निवेशक पैसा लगाएं या नहीं?
Indian Stock Market: भारतीय स्टॉक मार्केट अब भारी बिकवाली से उबरने लगा है। निवेशकों के अच्छे दिन आने लगे हैं। बाजार के सेंटीमेंट ऐसे सुधरे हैं कि सिर्फ दो हफ्तों में ही बाजार 4.6 प्रतिशत रिकवर हो गया है।
इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार (21 मार्च) को 30 कंपनियों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 474 अंकों की बढ़त के साथ 76816 और निफ़्टी 160 अंकों की बढ़त के साथ 23349 पर कारोबार करता दिख रहा है।

भारतीय शेयर बाजार के दोनों बेंचमार्क इंडेक्स साल 2025 में 13 फरवरी के बाद उच्चतम स्तर पर हैं। निफ़्टी के सभी 13 सेक्टरों के इंडेक्स बढ़त बनाए हुए हैं। सबसे ज्यादा 2 प्रतिशत की तेजी निफ़्टी आईटी में देखी गई है। ऑटो इंडेक्स में भी 1.5 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।
दैनिक भास्कर में छपी खबर के अनुसार केआर चोकसी के एमडी देवेन चोकसी कहते हैं कि भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी शुरू हो गई है। तेजी वाले शेयरों पर ट्रेडर और निवेशक दांव लगाने लगे हैं। फिलहाल वे उन शेयरों की बिकवाली भी कर रहे हैं, जिनमें अभी भी गिरावट देखने का मिल रही है।
शेयर बाजार के विशेषज्ञों का कहना है कि अब रिकवरी लौटने की वजह से आगामी कुछ दिनों तक कमोबेश तेजी बने रहने के आसार है। बाजार धीरे-धीरे सही हो रहा है। बाजार में खरीदारी बढ़ने की वजह रूस-यूक्रेन जंग के थमने की उम्मीद है।
मीडिया से बातचीत में एक्सपर्ट ने बताया कि बीएसई का मार्केट कैप 69.31 लाख करोड़ रुपए (14.5 प्रतिशत) घटने के कारण बाजार में शेयर अच्छे वैल्युएशन पर आ गए हैं। रिटेल निवेशकों को तेजी वाले स्टॉक में निवेश करना चाहिए। अच्छे और टिकाऊ बिजनेस मॉडल वाली कंपनियों के शेयरों पर फोकस रखना चाहिए।
लंबे समय से गिर रहे भारतीय शेयर बाजार में रिकवरी लौटने की एक वजह यह भी है कि कच्चे तेल के दाम 52 हफ्तों के ऊंचे स्तर से 15 प्रतिशत नीचे आ गए हैं, जो भारत को बाहरी आर्थिक झटके झेलने व मंहगाई से लड़ने में मदद मिल रही है। नतीजतन बाजार की सेहत सुधर रही है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी पर लिखा गया है। वनइंडिया हिंदी की ओर निवेश की कोई सलाह नहीं है। निवेश करने से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।












Click it and Unblock the Notifications