Hindenburg Report के आरोपों का सेबी चीफ ने दिया जवाब, अब अमेरिकी फर्म ने खड़े किए और संगीन सवाल
Hindenburg Row: अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग ने एक बार फिर से सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच को आड़े हाथ लिया। जिस तरह से हिंडनबर्ग ने सेबी चीफ पर आरोप लगाए थे, उसपर सेबी चीफ ने सफाई देते हुए स्पष्ट कहा कि यह पूरी तरह से निराधार है।
सेबी चीफ के जवाब के बाद हिंडनबर्ग ने फिर से माधबी पुरी पर सवाल खड़ा किया है। हिंडनबर्ग ने बुच के स्पष्टीकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बुच के जवाब से यह स्पष्ट है कि उन्होंने हमारी कई बातों को स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही हिंडनबर्ग ने दावा किया कि सेबी चीफ का बयान इस बात की पुष्टि करता है कि बरमूडा और मॉरीशस में उन्होंने निवेश किया था।

बता दें कि हिंडनबर्ग के आरोपों पर जवाबा देते हुए सेबी चीफ माधबी पुरी बुच ने कहा था कि हमें किसी भी वित्तीय दस्तावेज का खुलासा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिंडनबर्ग रिसर्च, जिसके खिलाफ सेबी ने प्रवर्तन कार्रवाई की है और कारण बताओ नोटिस जारी किया है, वो उनके चरित्र हनन की कोशिश कर रहा है।
हिंडनबर्ग ने रविवार को बुच के बयान पर जवाब देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा सेबी प्रमुख की प्रतिक्रिया कई महत्वपूर्ण सवाल उठाती है और दिखाती है कि उन्होंने कई बातें स्वीकार की हैं।
व्हिसलब्लोअर दस्तावेजों से पता चलता है कि बुच ने सेबी के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में काम करते हुए व्यवसाय के लिए अपनी व्यक्तिगत ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया और इसके लिए उन्होंने अपने पति के नाम का भी इस्तेमाल किया।
हिंडनबर्ग ने 25 फरवरी 2018 को एक अमेरिकी शॉर्ट सेलर द्वारा भेजे गए ईमेल का उल्लेख किया। रिपोर्ट में दावा किया या है कि बुच ने आधिकारिक पद पर रहते हुए अपने पति के नाम का इस्तेमाल किया।
बता दें कि शनिवार को हिंडनबर्ग द्वारा जारी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि व्हिसलब्लोअर दस्तावेजों से पता चलता है कि माधबी बुच और उनके पति धवल बुच ने 5 जून 2015 को सिंगापुर में आईपीई प्लस फंड 1 के साथ एक खाता खोला था।
इस फंड में दंपति का कुल निवेश 10 मिलियन डॉलर होने का अनुमान है। हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया कि ऑफशोर मॉरीशस फंड की स्थापना अडानी समूह के एक निदेशक ने इंडिया इंफोलाइन के माध्यम से की थी और यह टैक्स हेवन मॉरीशस में पंजीकृत है।
सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच ने इन आरोपों का जवाब देते हुए वित्तीय दस्तावेजों के बारे में पारदर्शिता और खुलेपन पर जोर दिया। उन्होंने दोहराया कि कोई भी अधिकारी बिना किसी हिचकिचाहट के इन दस्तावेजों की मांग कर सकता है हम उसे देने के लिए तैयार हैं।
सेबी चीफ ने कहा कि जिस तरह से सेबी द्वारा हिंडनबर्ग के खिलाफ कार्रवाई की गई, उसी के चलते यह फर्म उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रही है, जोकि निराशाजनक है।












Click it and Unblock the Notifications