GST काउंसिल की बैठक आज: पेट्रोल-डीजल और कोरोना से जुड़ी दवाइयां हो सकती हैं सस्ती
GST काउंसिल की बैठक आज: पेट्रोल-डीजल और कोरोना दवाइयां हो सकती हैं सस्ती, जानें किन मसलों पर फैसले की उम्मीद
नई दिल्ली, 17 सितंबर: जीएसटी काउंसिल की बैठक में आज पेट्रोल और डीजल को जीएसटी व्यवस्था के तहत लाने के प्रस्ताव समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में कोविड-19 की 11 दवाओं पर टैक्स छूट को 31 दिसंबर तक बढ़ाने का भी फैसला लिया जा सकता है।

केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को ट्वीट किया, "वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 17 सितंबर को लखनऊ में सुबह 11 बजे जीएसटी परिषद की 45वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगी। बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्रियों और केंद्र सरकार और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों समेत वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी शामिल होंगे।"
20 महीनों में यह पहली बार है जब जीएसटी परिषद की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नहीं बल्कि आमने-सामने होगी। 8 दिसंबर 2019 के बाद जीएसटी परिषद की सभी बैठकें ऑनलाइन आयोजित की गई थी।
GST काउंसिल की बैठक में इन मसलों पर फैसले की उम्मीद
- जीएसटी काउंसिल की बैठक में पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के तहत लाने पर भी विचार हो सकता है।
- जीएसटी परिषद की बैठक में आज फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो और स्विगी को रेस्टोरेंट के रूप में मानने और उनके द्वारा की गई डिलीवरी पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है।
- जीएसटी काउंसिल की बैठक में कोविड-19 से जुड़ी आवश्यक सामग्री पर शुल्क राहत की समयसीमा को भी बढ़ाने पर विचार हो सकता है। कोविड-19 की 11 दवाओं पर टैक्स छूट को बढ़ाने की संभावना है। 12 जून को हुई जीएसटी परिषद की पिछली बैठक में 30 सितंबर तक अलग-अलग कोविड-19 दवाओं और आवश्यक वस्तुओं पर कर की दरों को कम किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications