'भारी मिस्टेक हो गया', गूगल के AI chatbot ने दिया इस सवाल का गलत जवाब, 8250 अरब का नुकसान
गूगल ने AI chatbot Bard को लॉन्च किया, लेकिन उसकी वजह से बड़ा नुकसान हो गया।

पिछले कुछ वक्त से ChatGPT काफी ज्यादा लोकप्रिय हो रहा, जिसकी टक्कर में गूगल ने AI chatbot Bard उतारा। गूगल को उम्मीद थी कि ये मार्केट में ChatGPT को कड़ी टक्कर देगा, लेकिन हाल ही में उसने ऐसी गलती कर दी, जिससे गूगल की मदर कंपनी Alphabet के शेयर में काफी ज्यादा गिरावट आई। इस वजह से कंपनी को 100 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।

क्या था सवाल?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में गूगल ने अपने AI Bard को लॉन्च किया। इसके प्रमोशनल वीडियो में उससे सवाल पूछा गया कि 9 साल के बच्चे को जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST) की नई डिस्कवरी के बारे में क्या बताना चाहिए? जिस पर चैटबैट ने कहा कि जेम्स टेलीस्कोप का इस्तेमाल मिल्की वे के बाहर के ग्रहों की फोटो लेने में किया जाता है।

8250 अरब का नुकसान
इस जवाब के बाद से गूगल के बोट की आलोचना शुरू हो गई। बुधवार को अमेरिका में बाजार खुलते ही Alphabet के शेयर में 9 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। वैसे तो इस गिरावट की वजह से किसी ने साफतौर पर नहीं बताई, लेकिन इसके पीछे इसी गलत जवाब को माना जा रहा। रिपोर्ट के मुताबिक गूगल को 100 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। भारत के हिसाब से ये राशि 8250 अरब रुपये के आसपास होगी।

Reuters ने खोजी थी गलती
दरअसल नासा ने कई स्पेस एजेंसियों के साथ मिलकर जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप को तैयार किया है। इसका इस्तेमाल ब्रह्मांड के अतीत की जांच के लिए किया जाता है। इसने हाल ही में ब्रह्मांड और तारों से जुड़े कई राज खोले हैं। बताया जा रहा कि न्यूज एजेंसी Reuters ने गूगल की गड़बड़ी का पता लगाया था, जिससे उसको इतना बड़ा नुकसान हुआ। वहीं दूसरी ओर गूगल ने भी अभी AI chatbot Bard के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया है, लेकिन ये साफ है कि कंपनी ने ChatGPT को टक्कर देने के लिए उसे जल्दबाजी में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications