Gold Silver Price: चांदी 1.70 लाख सस्ती, सोना भी 38,000 टूट गया! जानें अब गोल्ड-सिल्वर के लेटेस्ट रेट
Gold Silver Price Today: बजट से पहले तक सोना और चांदी ऐसी रफ्तार से भाग रहे थे कि हर दिन नया रिकॉर्ड बन रहा था। निवेशकों को लगने लगा था कि कीमती धातुएं अब रुकने वाली नहीं हैं। लेकिन फरवरी की शुरुआत होते ही तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
अचानक सोने और चांदी के गिरते भाव ने बाजार को चौंका दिया। बीते एक हफ्ते में चांदी अपने रिकॉर्ड हाई 4 लाख से से करीब 1.70 लाख रुपये सस्ती हो गई, वहीं सोने में भी करीब 38 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में आइए जानते हैं गोल्ड सिल्वर के लेटेस्ट रेट।

चांदी में इतना बड़ा झटका क्यों लगा? (Silver Price Crash Reason)
पिछले साल से लेकर जनवरी 2026 तक चांदी ने निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा दिया। 29 जनवरी 2026 को MCX पर 1 किलो चांदी पहली बार 4 लाख रुपये के पार निकल गई और 4,20,048 रुपये का ऑल टाइम हाई बना लिया। यही वह स्तर था, जहां से मुनाफावसूली शुरू हो गई।
फरवरी आते ही एक्सपायरी वाले कॉन्ट्रैक्ट में दबाव बढ़ा और बीते सप्ताह गिरावट तेज हो गई। नतीजा यह रहा कि चांदी फिसलकर करीब 2,49,499 रुपये प्रति किलो तक आ गई। यानी अपने शिखर से करीब 1,70,549 रुपये की भारी गिरावट। यह गिरावट निवेशकों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
क्या सोना भी इसी रास्ते पर फिसल गया? (Gold Price Fall Update)
चांदी के साथ-साथ सोने में भी तेजी की कहानी अचानक पलट गई। 29 जनवरी 2026 को MCX पर 24 कैरेट सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के लाइफ टाइम हाई पर पहुंचा था। उस वक्त माना जा रहा था कि गोल्ड नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा।
लेकिन फरवरी के पहले हफ्ते में सोने पर भी दबाव आया। बीते शुक्रवार को वायदा बाजार में सोना गिरकर करीब 1,55,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। यानी अपने हाई से करीब 28 हजार रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया। बाजार में कुल मिलाकर कमजोरी का माहौल बना रहा।
घरेलू बाजार में कितनी बदली कीमतें? (Gold Silver Rates Domestic)
सिर्फ MCX ही नहीं, घरेलू सर्राफा बाजार में भी गिरावट साफ दिखी। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 2 फरवरी की शाम 1 किलो चांदी 2,59,500 रुपये पर थी, जो 6 फरवरी को घटकर 2,44,929 रुपये रह गई। यानी एक हफ्ते में करीब 14,571 रुपये की गिरावट। 7 और 8 फरवरी को शनिवार और रविवार होने की वजह से सोने और चांदी के भाव में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।
सोने की ताजा घरेलू कीमतों पर नजर डालें तो 24 कैरेट सोना करीब 1,52,080 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना करीब 1,48,430 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना करीब 1,23,190 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है।
बाजार के जानकार मानते हैं कि इतनी तेज गिरावट के पीछे मुनाफावसूली, अंतरराष्ट्रीय संकेत और डॉलर की मजबूती जैसे कारण हो सकते हैं। हालांकि लंबी अवधि के नजरिये से सोना और चांदी अब भी सुरक्षित निवेश माने जाते हैं। अगर आप निवेश या खरीदारी की योजना बना रहे हैं तो जल्दबाजी से बचें। बाजार की चाल को समझें और विशेषज्ञों की सलाह के बाद ही फैसला लें।
गहनों की खरीद में किन बातों का रखें ध्यान? (Gold Jewellery Buying Tips)
ध्यान रखें कि IBJA द्वारा जारी रेट देशभर में एक जैसे होते हैं, लेकिन ज्वेलरी खरीदते वक्त इसमें 3 फीसदी जीएसटी और मेकिंग चार्ज जुड़ता है। इन चार्ज के कारण अंतिम कीमत शहर और दुकान के हिसाब से अलग हो सकती है।
कुल मिलाकर, सोना और चांदी की मौजूदा गिरावट ने बाजार में हलचल जरूर मचा दी है। आने वाले दिनों में दाम किस दिशा में जाएंगे, यह वैश्विक संकेतों और घरेलू मांग पर निर्भर करेगा।
(नोट: किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से राय जरूर लें। वनइंडिया हिंदी ने यह खबर जानकारी देने के लिए लिखी है।)












Click it and Unblock the Notifications