लगातार तीसरे दिन गिरे सोने के भाव, जानिए नई कीमत
नई दिल्ली। जहां एक ओर विदेशी बाजार में सोना आए दिन मजबूत हो रहा है, वहीं दूसरी ओर भारतीय बाजार में सोने की चमक फीकी पड़ती जा रही है। दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने के दाम में 50 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। इसी गिरावट के साथ सोना 29,115 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है।
लगातार तीसरे दिन गिरा सोना
सोने की कीमतों में गिरावट तीन दिनों से जारी है। गुरुवार को सोने के दाम में 85 रुपए की गिरावट देखी गई थी, जबकि बुधवार को भी सोना 70 रुपए गिरा था। इस तरह तीन दिनों में सोने के दाम में 205 रुपए की गिरावट आ गई है। जहां एक ओर भारतीय बाजार में सोना गिरा है, वहीं दूसरी ओर मजबूत आर्थिक आंकड़ों के चलते डॉलर में खरीददारी लौटी है, जिसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मजबूत हुआ है।
ये भी पढ़ें- GST effect: सिर्फ 40 रुपए में मिलेगी मूवी टिकट, जानिए कहां
चांदी भी लुढ़की
जहां एक ओर सोने की चमक फीकी हुई है, वहीं दूसरी ओर चांदी भी लुढ़क गई है। चांदी की कीमत में भी शुक्रवार को 50 रुपए की गिरावट आई। इस गिरावट के बाद अब चांदी 39,050 रुपए प्रति किलो के स्तर पर आ गई है, जो एक दिन पहले 39,100 रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी।
ये भी पढ़ें- मौजूदा खाताधारकों पर सरकार का बड़ा फैसला, 31 दिसंबर है लास्ट डेट
क्यों आई कीमत में गिरावट?
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण है कम मांग का होना। इस समय भारतीय बाजार में सोने की मांग काफी कम है, जिसके चलते इसकी कीमत में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इन दिनों न तो शादियों का सीजन है और न ही कोई अन्य बड़ा त्योहार, जिसके चलते सोने की कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें- 7th Pay Commission: 30 फीसदी होगा HRA, इस टेबल की मदद से कीजिए कैल्कुलेट