Railways: 2021-22 के दौरान 1.78 करोड़ यात्री बिना टिकट के यात्रा करते पकड़े गए, वसूला गया इतने करोड़ जुर्माना
रेलवे ने 2021-22 के शुरुआती 9 महीनों में बिना टिकट यात्रा करने वाले और सामान की बुकिंग न कराने वाले 1.78 करोड़ से अधिक यात्रियों को पकड़ा है।
नई दिल्ली, 20 फरवरी। रेलवे ने 2021-22 के शुरुआती 9 महीनों में बिना टिकट यात्रा करने वाले और सामान की बुकिंग न कराने वाले 1.78 करोड़ से अधिक यात्रियों को पकड़ा है। एक आरटीआई के जरिए इस बात का खुलासा हुआ है। यह संख्या 2019-20 में गैर कोविड प्रभावित वित्तीय वर्ष से लगभग 79 प्रतिशत ज्यादा है।

आरटीआई मेंं हुआ खुलासा
वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान, जब यातायात पर कोरोना की पाबंदियां लागू थीं, रेलवे ने ऐसे 27 लाख लोगों को पकड़ा था। मध्य प्रदेश के कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौर द्वारा दायर आरटीआई के जवाब में रेलवे बोर्ड ने यह जानकारी उपलब्ध कराई है। आरटीआई का जवाब देते हुए रेलवे ने कहा कि अप्रैल-दिसंबर 2021 के दौरान 1.78 करोड़ से अधिक यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए या सामान की बगैर बुकिंग के पकड़ा गया और उनसे जुर्माने के तौर पर 1,017,48 करोड़ रुपए की राशि जुर्माने के तौर पर वसूली गयी।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय कोरोना पॉजिटिव, वैक्सीन की ले चुकी हैं तीन खुराक
क्या है टिकट बुक ना कराने का कारण
सूत्रों ने बताया कि बिना टिकट के यात्रा कर रहे यात्रियों की संख्या में वृद्धि का एक प्रमुख कारण यह है कि अब जबकि अधिकांश कोरोना प्रतिबंध हटा दिए गए हैं, कई एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में केवल ऑनलाइन और सीमित बुकिंग हो रही है। बता दें कि वित्त वर्ष 2019-2020 में जब कोरोना का कोई शोर नहीं था, उस दौरान भी 1.10 करोड़ ऐसे यात्री पकड़े गए थे जिनके पास या तो टिकट नहीं थी या उन्होंने अपने सामान की बुकिंग नहीं कराई थी। उस दौरान ऐसे यात्रियों से कुल 561.73 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया था।
वहीं 2020 से मार्च 2021 तक यानी वित्त वर्ष 2020-21 के बीच 27.57 लाख यात्री बिना टिकट यात्रा के पकड़े गए थे और उनसे 143.82 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला गया था। हालांकि यात्रियों का कहना था कि इस दौरान ट्रेनों की सप्लाई में कमी थी।












Click it and Unblock the Notifications