निर्यात में लगातार छठवें महीने गिरावट, अगस्त में 12.66% की गिरावट
नई दिल्ली। कोरोना काल में देश के निर्यात में लगातार छठे महीने गिरावट देखने को मिली है। अगस्त महीने में निर्यात में 12.66 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़े के अनुसार भारत का निर्यात अगस्त में गिरकर 22.7 अरब डॉलर (1.67 लाख करोड़ रु) पर आ गया। वहीं, अगस्त महीने में देश के आयात में भी गिरावट दर्ज की गई है। अगस्त में आयात में 26 फीसद की गिरावट आई है।

सरकारी आंकड़े के अनुसार अगस्त में देश के निर्यात में यह गिरावट पेट्रोलियम, चमड़े, इंजीनियरिंग सामान, रत्न व आभूषण आदि के शिपमेंट में कमी के चलते आई है। वहीं देश का आयात भी इस साल अगस्त महीने में 26 प्रतिशत लुढ़क कर 29.47 अरब डॉलर का रहा। इससे व्यापार घाटा 6.77 अरब डॉलर पर आ गया जो एक साल पहले 2019 के इसी महीने में 13.86 अरब डॉलर पर था।
सरकारी डेटा के मुताबिक अगस्त में 6.77 बिलियन डॉलर (49.83 हजार करोड़ रु.) का व्यापार घाटा हुआ है। जो पिछले साल की समान अवधि में 13.86 बिलियन डॉलर (1 लाख करोड़ रु.) का था। सोने का इंपोर्ट अगस्त में बढ़कर 3.7 बिलियन डॉलर (27.23 हजार करोड़ रु.) का रहा। जो पिछले साल समान अवधि में 1.36 बिलियन डॉलर (10 हजार करोड़ रु.) का था।












Click it and Unblock the Notifications