Budget 2025: 12 लाख तक क्यों 0 टैक्स? ओल्ड टैक्स रिजीम खत्म होगा? इंटरव्यू में सीतारमण ने बताया सबकुछ
Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 में नए टैक्स रिजीम में 12 लाख रुपये तक की इनकम टैक्स फ्री करने की घोषणा कर, मिडिल क्लास को बड़ी राहत दी है। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह छूट 12.75 लाख रुपये तक की होगी...क्योंकि सरकार 75 हजार का स्टैंडर्ड डिडक्शन भी दे रही है। वहीं पुराने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की सीमा भी 2 साल से बढ़ाकर 4 साल कर दी गई है।
ऐसे में बजट में की गई घोषणा को लेकर आम जनता के मन में कई सवाल हैं? जैसे 12 लाख तक जीरो इनकम टैक्स का फैसला क्यों किया गया? ऐसा करने से अब और कितने लोगों को फायदा होने वाला है? क्या सरकार ओल्ड टैक्स रिजीम को बंद करने वाली है? इन सभी सवालों का जवाब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने डीडी न्यूज को दिए इंटरव्यू में दिए हैं।

इंटरव्यू में निर्मला सीतारमण ने कहा, आयकर स्लैब में फेरबदल के साथ, उम्मीद है कि बचा हुआ पैसा खपत, बचत या निवेश के जरिए अर्थव्यवस्था में वापस आएगा। निर्मला सीतारमण ने न्यू टैक्स रिजीम के लाभों और सरकार की पूंजीगत व्यय योजनाओं के बारे में भी बात की है।
टैक्स 7 लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये करने का कोई विशेष कारण?
इंटरव्यू में निर्मला सीतारमण से पूछा गया कि आयकर छूट को 7 लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये करने का कोई विशेष कारण है? सरकार ने ऐसा इसलिए तो नहीं किया क्योंकि इनकम और सैलरी अपेक्षा के अनुसार नहीं बढ़ रहे थे, जिसके कारण सरकार को यह छूट शुरू करनी पड़ी?
जवाब में निर्मला सीतारमण ने कहा, ''टैक्स के बारे में चर्चा करने से पहले हमें इनकम बढ़ाने पर फोकस करना है। आय को एक निश्चित स्तर तक बढ़ना चाहिए। अब, सीमा को 7 लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये क्यों किया गया? तो देखिए पहले यह 2.2 लाख रुपये था, फिर 2014 में यह 2.5 लाख रुपये हुआ। 2019 में इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये, फिर 7 लाख रुपये और अब 12 लाख रुपये कर दिया गया। सरकार को लगता है कि अगर कोई औसतन 1 लाख रुपये प्रति माह कमाता है, तो उसे कोई टैक्स देने की जरूरत नहीं है।''
निर्मला सीतारमण ने कहा, ''हम इसे दो तरीकों से कर रहे हैं, एक, हम स्लैब दरों को कम कर रहे हैं, टैक्स स्लैब अब अधिक समान हैं। दूसरा, हम टैक्स स्लैब का विस्तार कर रहे हैं, इससे सभी टैक्सपेयर्स को लाभ होता है, क्योंकि संशोधित स्लैब सभी इनकम वाले लोगों को राहत देने वाला है।''
निर्मला सीतारमण बोलीं- हमारी कोशिश लोगों के हाथों में ज्यादा पैसा देन की है
निर्मला सीतारमण ने कहा, ''अगर आप आज जो हमने किया है उसकी तुलना कांग्रेस सरकार के तहत 2014 में टैक्स दरों से करें, तो हमेशा लोगों के हाथों में पैसा वापस देने की कहानी रही है। कांग्रेस के तहत 2014 की कर दरों की तुलना में, 8 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति की जेब में अब लगभग 1 लाख रुपये अधिक हैं। 2014 में टैक्स लाख रुपये था, अब यह शून्य है। इसके अलावा, 12 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को 2014 में 2 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ता था, अब यह 0 है। इसका मतलब है कि उनकी जेब में 2 लाख रुपये अधिक हैं। इसके अलावा, सभी के लिए टैक्स दरें भी कम की जा रही हैं। नतीजतन, 24 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को, जिसे 2014 में 5.6 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ता था, अब केवल 3 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ता है। इसका मतलब है कि उनकी जेब में 2.6 लाख रुपये अधिक हैं। इसलिए, इसका लाभ सिर्फ 12 लाख रुपये तक की आय वालों को ही नहीं मिलेगा क्योंकि छूट के कारण उन्हें कोई कर नहीं देना पड़ रहा है बल्कि इससे अधिक आय वालों को भी लाभ मिलेगा।''
12 लाख रुपये तक टैक्स छूट से कितने लोगों को लाभ होगा?
निर्मला सीतारमण ने कहा, ''अब एक करोड़ और लोगों कोई भी टैक्स नहीं देना पड़ेगा। इससे एक और ज्यादा लोगों को सीधे तौर पर फायदा होने वाला है।''
क्या ओल्ड टैक्स रिजीम खत्म हो जाएगा? कितने टैक्सपेयर्स न्यू टैक्स रिजीम में चले गए हैं?
निर्मला सीतारमण ने इस सवाल के जवाब में कहा, ''75% लोग पहले ही व्यक्तिगत श्रेणी के तहत न्यू टैक्स रिजीम में चले गए हैं। अभी भी ओल्ड टैक्स रिजीम मौजूद है। लेकिन हमें उम्मीद है कि अब लगभग सभी लोग न्यू टैक्स रिजीम में चले जाएंगे। हालांकि हम अभी ओल्ड टैक्स रिजीम को खत्म नहीं कर रहे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications