जियो के आगे एयरटेल भी झुका, इंटरकनेक्टिविटी पर लिया बड़ा फैसला
नई दिल्ली। रिलायंस जियो को अतिरिक्त इंटरकनेक्ट पॉइंट्स उपलब्ध कराने को लेकर भारती एयरटेल ने भी सहमति दे दी है। इसके एक दिन पहले आइडिया ने जियो को लेकर यह फैसला लिया था। एयरटेल ने अपने फैसले में कहा कि ये पोर्ट जियो के 1.5 करोड़ उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त होंगे।

एयरटेल और आइडिया के इस फैसले के बाद अब जियो के यूजर्स की मुश्किलें आसान हो जाएंगी। दरअसल, बीते दिनों रिलायंस ने भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) से शिकायत की थी कि अन्य कंपनिया जियो नेटवर्क पर आने वाली कॉल को कनेक्ट नहीं कर रही हैं, जिसकी वजह से ग्राहकों को नेटवर्क बिजी होने की समस्या झेलनी पड़ी।
5 करोड़ कॉल ड्रॉप के मामले!
रिलायंस जियो ने 5 सितंबर को अपनी व्यावसायिक सेवाएं शुरू की हैं। सेवाएं शुरू होने के बाद ही कंपनी ने आरोप लगाया था कि मौजूदा ऑपरेटर कंपनी को पर्याप्ट इंटरकनेक्शन पोर्ट नहीं उपलब्ध करा रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भी आरोप लगाया था कि इंटरकनेक्टिविटी न मिल पाने की वजह से जियो नेटवर्क पर करीब 5 करोड़ कॉल ड्रॉप हुईं।
आइडिया ने जियो से किया वादा
शिकायत मिलने पर ट्राई ने इस मामले को लेकर सभी टेलीकॉम कंपनियों की बैठक बुलाई थी, जिसके बाद एक दिन पहले ही आइडिया सेल्युलर ने जियो को अधिक पीओआई उपलब्ध कराने की बात कही थी। कंपनी ने कहा था इसके लिए जल्द 196 अतिरिक्त पीओआई जारी किए जाएंगे।
कंपनियों ने बताई थी ये वजह
बता दें कि कंपनियों ने इंटरकनेक्टिविटी के रेट बढ़ाने की मांग करते हुए कॉल कनेक्ट करने से इनकार कर दिया था। कंपनियों का कहना था कि जियो के फ्री कॉलिंग ऑफर की वजह से उनके नेटवर्क पर लोड बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications