'हम छोड़ रहे हैं अपराध की दुनिया...', हाथ जोड़कर तख्ती लटकाए खुद सिकंद्राबाद थाने पहुंचे शातिर अपराधी
बुलंदशहर, 22 जून: बुलंदशहर पुलिस के खौफ के चलते दो शातिर बदमाश गले में तख्ती डालकर आज (बुधवार 22 जून) सिकंद्राबाद कोतवाली पहुंचे। बदमाशों का नाम शाहरुख औऱ अतीक है। पुलिस की मानें तो दोनों शातिर किस्म के अपराधी है। शाहरुख और अतीक बुधवार की सुबह जैसे ही सिकंद्राबाद कोतवाली पहुंचे तो पुलिसकर्मी भी उन्हें देखकर हैरान रह गए। दोनों के गले में तख्ती लटकी हुई थी।

तख्ती पर अपराध की दुनिया को अलविदा करने की बात लिखी हुई थी। इतना ही नहीं, शाहरुख और अतीक दोनों बदमाश हत्या, लूट आदि जैसे गम्भीर मामलों में पिछले काफी समय वांछित चल रहे थे। बुधवार को दोनों गले में तख्ती लटकाएं थाने पहुंचे। जिसमें लिखा था, ''हम अपराध की दुनिया छोड़कर मुख्य धारा में आना चाहते हैं।'' दोनों को इस तरह थाने में सरेंडर करता देख पुलिस भी हैरान थी।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ ने बताया कि 17 जून को सिकंद्राबाद के मोहल्ला शेखवाड़ा निवासी कफील चौधरी के साथ अतीक और शाहरुख समेत एक दर्जन से अधिक लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की थी। जिसके बाद 19 जून को पुलिस की टीम ने एक आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन दूसरे आरोपी ने कुछ साथियों ने मिलकर पुलिस के कब्जे से उसे छुड़ा लिया। फिर पुलिस को धमकी देकर भाग निकले।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एक और केस दर्ज कर लिया। पुलिस दोनों की तलाश कर ही रही थी कि वे दोनों खुद ही सरेंडर करने थाने पहुंच गए। एसपी सिटी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस दोनों बदमाशों की तलाश कर रही थी। दोनों के ऊपर हत्या, लूट आदि जैसे गम्भीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों ने सरेंडर कर दिया है। दोनों बदमाशों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications