Lucknow Woman: आखिर कौन हैं बुर्का पहने स्विगी का बैग लिए पैदल चलने वाली महिला? कहानी सुनकर हो जाएंगे भावुक
सिंगल मदर रिवजाना अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही हैं। लोगों के घरों में काम करने से लेकर बाजार में जाकर बर्तन बेचने का काम वो करती हैं।

पीठ पर स्विगी का बैग लिए पैदल कई किलोमीटर तक चलतीं रिजवाना की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इसके बाद द मूकनायक की टीम ने इस महिला का इंटरव्यू लिया। जिसमें रिजवाना ने अपनी पूरी कहानी लोगों के सामने लाकर रख दी। तीन बच्चों की सिंगल मदर रिजवाना दिन भर जीतोड़ मेहनत कर उनका पेट भरती है।

तीन बच्चों की सिंगल मदर हैं रिजवाना
लगातार आर्थिक तंगी की मार झेल रहीं रिजवाना लखनऊ में जगतनारायण रोड चौक में बसी जनता कॉलोनी में अपने तीन बच्चों के साथ एक छोटे से घर में रह रही हैं। द मूकनायक की टीम से बात करते हुए रिजवाना बताती हैं कि उनके पति पहले ऑटो रिक्शा चलाते थे। फिर ये चोरी होने के बाद वे सड़कों पर भीख मांगने लगे। फिर धीरे-धीरे वे घर बेहद कम आने लगे और फिर कुछ समय से उनका कोई अता-पता ही नहीं है।

लोगों के घरों में झाडू-पोछा करती हैं रिजवाना
अब बच्चों का पेट पालने के लिए रिजवाना सुबह और शाम लोगों के घरों में झाड़ू-पोंछा करती हैं। इससे उन्हें सिर्फ 1500 रुपये ही मिल पाते हैं। इसके बाद बाजार जाकर वे कप और डिस्पोजल गिलास बेचने का काम करती हैं। इन सबके बाद कहीं जाकर महीने में रिजवाना 5-6 हजार रुपये कमा पाती हैं।

रोजाना 20-25 किमी पैदल चलती हैं रिजवाना
रिजवाना अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए रोजाना 20-25 किलोमीटर पैदल चलती हैं। वायरल हो रही स्विगी के बैग वाली तस्वीर को लेकर लोग कयास लगा रहे थे कि महिला जरूर स्विगी के लिए काम करती होंगी। इन कयासों पर विराम लगाते हुए रिजवाना ने बताया कि ऐसा कुछ भी नहीं है। सामान बेचने के लिए उन्हें मजबूत थैले की जरूरत थी, जिसके बाद उन्होंने 50 रुपये में ये थैला लिया।

जस के तस हैं रिजवाना के हाल
रिजवाना बताती हैं कि बुर्के में देखकर पहले तो कई लोगों ने उनका मजाक भी उड़ाया। लेकिन अब उन्हें इस बात से कोई भी फर्क नहीं पड़ता। रही परिवार की बात, तो रिजवाना बताती हैं कि उनकी बेटी बुशरा (19) अपने छोटे भाई-बहनों का अच्छी तरह ख्याल रखती है। रिजवाना की तस्वीर वायरल होने से स्विगी की अच्छी खासी पब्लिसिटी हो गई लेकिन उनके हाल जस के तस ही बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications