घर में रखे थे हथियार और... महिला ने पुलिस को फोन करके खोल दी पोल, पति बोला- 'फंसाना चाहती है'
एक महिला ने पुलिस को कॉल करके बताया कि उसका पति घर में हथियार लेकर आया है, जिसके बाद पुलिस ने घर से हथियार बरामद किए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Bihar News: अकसर पति पत्नी की लड़ाई में महिलाएं कमजोर पड़ जाती हैं और गलत कदम भी उठा देती हैं। कई बार आपने भी मारपीट या फिर इस तरह की खबरें सुनी होंगी। लेकिन बिहार के जहानाबाद में एक ऐसा मामला आया है, जिसके बारे में जानकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे।
महिला ने खोली पति की पोल
दरअसल, ये पूरा मामला जहानाबाद के नगर थाना क्षेत्र के भागीरथ बिगहा मोहल्ले का है, जहां एक महिला ने फोन कर अपने पति की पोल खोल दी। महिला ने पुलिस को फोन कर अपने पति की गिरफ्तारी करवा दी।
डायल 112 पर किया फोन और...
इंदु देवी नाम की इस महिला ने डायल 112 नंबर पर फोन किया और पुलिस को जानकारी दी कि उसके पति ने घर पर कुछ हथियार रखे हैं। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत घर आकर राकेश शर्मा नाम के उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने थाने में ले जाकर शख्स से पूछताछ की।
12 सालों से चल रहा विवाद
महिला ने जानकारी देते हुए कहा कि अपने पति से उसका विवाद पिछले 12 सालों से चल रहा है। पति उसके साथ मारपीट करता है और भद्दी गालियां भी देता है। महिला ने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये हथियार उसका पति उसे मारने के लिए ही लाया था।
क्या कह रहा पति?
महिला के इतर पति का कहना है कि उसका पिछले कुछ समय से अपनी बीवी से विवाद चल रहा है और इसी वजह से वो अपने पति को फंसाना चाहती है। वहीं पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह का कहना है कि डायल 112 नंबर पर महिला का फोन आया और जानकारी देते हुए कहा कि उसका पति घर पर हथियार लेकर आया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला ने हथियार पुलिस को दे दिए। इसके बाद महिला ने बताया कि उसे मारने की कोशिश की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आमतौर पर शराबी पति की मार और भद्दी गालियों से डरकर महिलाएं कुछ कदम नहीं उठा पातीं और चुपचाप सिर्फ जुर्म ही सहती रहती हैं। लेकिन इस महिला ने पुलिस को कॉल कर साहस भरा कदम उठाया है। हालांकि, पूरा मामला क्या है ये तो पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications