Viral: सांड से बचा लो! घर के बेडरूम में घुस आया आवारा जानवर, महिला ने अलमारी में छिपकर काटे डरावने 2 घंटे
Viral News: वैसे तो सोशल मीडिया पर कई तरह की अनोखी घटना देखने और सुनने को मिलती रहती हैं जो लोगों को हैरान पेरशान कर देती हैं। ऐसे ही एक चौंकाने वाली घटना घटी फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी में जिसने न केवल स्थानीय निवासियों को झकझोर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा को जन्म दिया।
मार्च महीने की एक शांत सुबह, जब अधिकतर लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे, डबुआ कॉलोनी के सी-ब्लॉक में रहने वाली सपना नाम की महिला के लिए वह सुबह एक भयानक अनुभव में बदल गई।

Viral: जब बेडरुम बना मवेशियों का आशियाना
सपना उस समय अपने घर में अकेली थीं। वह अपने नियमित पूजा-पाठ में लीन थीं, जबकि उनके बच्चे अपनी मौसी के घर गए हुए थे और सास काम पर बाहर थीं। शांत वातावरण में उस वक्त एकाएक अफरा-तफरी मच गई जब एक आवारा गाय और उसके पीछे एक बड़ा सा सांड खुले गेट से घर के भीतर घुस आए और सीधे उनके बेडरूम की ओर बढ़ गए।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले कि सपना कुछ समझ पातीं या प्रतिक्रिया देती, सांड बेड पर चढ़ गया और आराम से बैठ गया, जबकि गाय एक कोने में खड़ी रही। जानवरों की अनजान और अप्रत्याशित मौजूदगी से घबराकर महिला ने खुद को बेडरूम की अलमारी में बंद कर लिया। उनके मन में यह डर समा गया था कि अगर वह कोई हलचल करेंगी, तो दोनों जानवर परेशान होकर बेकाबू हो सकते हैं।
Viral News: दो घंटे का डर और संघर्ष
जब अजीबोगरीब आवाजें सुन आस-पास को लोग देखने पहुंच गए लेकिन जैसे ही उन्हें असलियत का पता चला, उन्होंने मवेशियों को भगाने के प्रयास शुरू किए। पहले तो लोगों ने चिल्ला-चिल्लाकर उन्हें डराने की कोशिश की, लेकिन गाय और सांड अपनी जगह से टस से मस नहीं हुए। इसके बाद पानी फेंकने, लाठियों से आवाज करने और यहां तक कि पटाखे फोड़ने पर भी दोनों पर कोई असर नहीं पड़ा और वो बिस्तर पर आराम फरमाते रहें।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बताया गया कि इन उपायों के फेल हो जाने के बाद एक पड़ोसी ने अपने पालतू कुत्ते को घटनास्थल पर लाकर एक अनोखा समाधान ढूंढा। कुत्ते ने जैसे ही कमरे में जानवरों को देखा वह जोर-जोर से भौंकने लगा। मवेशी जो अब तक अडिग थे, कुत्ते की आक्रामकता से घबरा गए और धीरे-धीरे कमरे से बाहर निकलकर भाग गए।
जानवरों के चले जाने के बाद जब सपना अलमारी से बाहर आईं, तो वह बुरी तरह सदमे में थीं। पड़ोसियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्हें तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाकर चिकित्सा जांच करवाई। रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना अभी भी मानसिक रूप से इस भयावह अनुभव से उबरने की कोशिश कर रही हैं।
Viral News: सोशल मीडिया पर वायरल हो हुई वीडियो
यह पूरी घटना घर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और 20 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही वायरल हो गई। देखते ही देखते वीडियो को एक लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और इस पर अपनी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। वीडियो में सपना की घबराहट और जानवरों की ठसक साफ देखी जा सकती है, जिसने इस मामले को और भी चर्चा का विषय बना दिया।
इस घटना ने डबुआ कॉलोनी समेत पूरे फरीदाबाद में आवारा पशुओं की समस्या को एक बार फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है जब मवेशी रिहायशी इलाकों में घुस आए हों। आए दिन सड़क पर घूमते ये पशु न केवल ट्रैफिक में बाधा बनते हैं, बल्कि अब घरों के अंदर घुसने लगे हैं, जो स्पष्ट रूप से एक गंभीर प्रशासनिक विफलता की ओर इशारा करता है।












Click it and Unblock the Notifications