खुले में घूम रहा था पिटबुल, अचानक आवारा कुत्ते पर हमला कर किया लहूलुहान
पिटबुल कुत्ते के गुस्से और हमले से जुड़ी कई घटनाएं बीते दिनों सामने आ चुकी हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में पहले भी कई दफा पिटबुल के हमले की खबरे सामने आ चुकी हैं। अब एक बार फिर एक डरा देने वाला मामला तब सामने आया, जब एक शख्स पिटबुल को वॉक पर लेकर गया था और कुत्ता आपे से बाहर हो गया और उसने एक आवारा कुत्ते पर हमला कर दिया। देखते ही देखते पिटबुल ने कुत्ते को लहूलुहान कर दिया।
ये पूरा मामला किसी ने अपने कैमरे में कैद कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि पिटबुल ने अपने जबड़े में कुत्ते की गर्दन को कसकर पकड़ा हुआ है।

वायरल वीडियो नोएडा सेक्टर 53 स्थित गिझोड़ गांव का बताया जा रहा है। लोग पानी डालकर या फिर डंडे मारकर पिटबुल को अलग करने की लाख कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वो अपनी पकड़ छुड़ाने का नाम ही नहीं ले रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि पिटबुल पहले कुत्ते का जबड़ा पकड़ता है और फिर छोड़ता ही नहीं। आवारा कुत्ता अपनी जान बचाने की पूरी कोशिश करता है लेकिन नाकामयाब हो जाता है। पिटबुल कुत्ते को लगभग अधमरा कर देता है। इस वीडियो में एक महिला बोलती भी सुनाई पड़ रही है कि अपने कुत्ते को इस गली में मत लाया करिये। ये किसी पर भी हमला कर सकता है। क्लिप में पिटबुल चेन में बंधा हुआ भी नहीं दिख रहा है। ऐसा लग रहा मानो उसकी चेन टूट गई हो।












Click it and Unblock the Notifications