MSC Irina in India: दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज क्यों आया भारत? पूरी कहानी जानकार हर भारतीय को गर्व होगा
MSC Irina Vizhinjam Port Kerala India: दुनिया का सबसे विशालकाय कंटेनर जहाज MSC Irina भारत में केरल के विझिनजाम पोर्ट पर पहली बार दस्तक देने जा रहा है। भारत में MSC Irina का आगमन कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। यह जहाज न केवल आकार में अभूतपूर्व है, बल्कि इसे एक भारतीय कप्तान विली एंटनी कमांड कर रहे हैं।
दुनिया के सबसे बड़े जहाज MSC Irina की लंबाई लगभग 400 मीटर (चार फुटबॉल मैदानों के बराबर) और ऊंचाई एक 22-मंजिला इमारत जितनी है। एमएससी इरिना अभी तक दुबई और कोलंबो जैसे विशाल बंदरगाहों तक भी नहीं पहुंचा है। वह भारत में केरल के तिरुवनंतपुरम विझिनजाम बंदरगाह पर आ रहा है। इसे चालू हुए अभी एक महीना ही हुआ है।

MSC Irina Captain: एमएससी इरीना के कैप्टन विली एंटनी कौन हैं?
विशालकाय कंटेनर जहाज MSC Irina के कैप्टन विली एंटनी केरल के त्रिशूर जिले के पुरणत्तुकारा के रहने हैं। 47 वर्षीय विली एंटनी पिछले 29 वर्षों से समुद्री सेवा में हैं और अब तक 120 से अधिक देशों की यात्राएं कर चुके हैं। इस जहाज की कमान वे साल 2023 में इसके कमिशनिंग के समय से ही संभाल रहे हैं। MSC Irina की यह यात्रा चीन, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जैसे देशों से होती हुई भारत पहुंची है। मीडिया से बातचीत में कैप्टन विली कहते हैं, "अपने घर की मिट्टी में इस जहाज को लाना मेरे लिए गर्व और भावनाओं से भरा पल है।"

भारत के लिए क्यों खास है MSC Irina का आगमन?
केरल के विझिनजाम पोर्ट पर MSC Irina का आगमन न केवल तकनीकी लिहाज से चुनौतीपूर्ण है, बल्कि भारत को वैश्विक समुद्री मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने का संकेत भी देता है। यह पोर्ट अपनी प्राकृतिक गहराई और रणनीतिक स्थिति के कारण अब वैश्विक जहाजरानी कंपनियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
इस जहाज को डॉक कराने के लिए सामान्यतः इस्तेमाल होने वाले दो टग बोट्स की बजाय चार टग्स की जरूरत होगी। जहाज की कुल क्षमता 24,346 TEUs (20 फीट लंबे कंटेनरों की इकाई) है, जिसमें से करीब 4,000 कंटेनरों की हैंडलिंग यहां की जाएगी।

विझिनजाम पोर्ट पर भीड़, देरी की संभावना
विझिनजाम पोर्ट पर MSC Irina को डॉकिंग के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि पोर्ट पर पहले से ही सात अन्य जहाज डॉकिंग की कतार में हैं। शुरुआती योजना के अनुसार MSC Irina को 5 जून 2025 को डॉक किया जाना था, लेकिन अब यह प्रक्रिया 7 या 8 जून तक टल सकती है।

क्रू को अभी तक नहीं मिली ज़मीन पर उतरने की इजाज़त
MSC Irina जहाज पर कुल चालक दल की संख्या: 35 सदस्य हैं, जिनमें एक अन्य केरलवासी, कासरगोड के ट्रेनी अभिनंदन भी शामिल हैं। हालांकि, पोर्ट पर अभी तक दल-परिवर्तन (Crew Change) और तटीय अवकाश (Shore Leave) की सुविधा पूरी तरह बहाल नहीं हुई है, जिससे चालक दल को जमीन पर उतरने की इजाजत नहीं मिल पाई है। इस पर कप्तान विली ने कहा, "शिपिंग को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ, हमें जैसे नाविकों के लिए भी ज़मीन पर बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए।"

MSC Irina के आगमन की तैयारियां
मीडिया की खबरों के अनुसार केरल के विझिनजाम पोर्ट प्रशासन इस ऐतिहासिक आगमन को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां कर रहा है। कैप्टन विली को एक विशेष स्मृति-चिह्न दिया जाएगा, जैसा कि पिछले साल जुलाई में San Fernando नामक पहले 'मदर वेसल' के कप्तान को प्रदान किया गया था।

बढ़ता भारत, बढ़ता विझिनजाम
केरल का विझिनजाम पोर्ट पिछले कुछ वर्षों में वैश्विक मानचित्र पर तेजी से उभरा है। पिछले कुछ महीनों में यहां MSC Claude Girardet (सितंबर 2024) और MSC Turkiye (अप्रैल 2025) जैसे बड़े जहाजों का आगमन हो चुका है। MSC Irina की यह यात्रा इसे एक नए मुकाम तक ले जाती है।

भारत के बाद कहां जाएगा MSC Irina?
दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर MSC Irina पहली बार भारत के बंदरगाह पर पहुंचने के बाद दो दिन तक केरल के विझिनजाम पोर्ट पर ही रुकेगा। दो दिन की रुकावट के बाद यह स्पेन की ओर रवाना होगा, लेकिन इसके आगमन ने भारत, विशेष रूप से केरल के लिए समुद्री क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू कर दिया है।

MSC Irina Facts: क्यों खास है एमएससी इरीना?
- दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज, 24,346 TEUs क्षमता
- केरल के विझिनजाम पोर्ट पर पहली बार आगमन
- भारतीय कैप्टन विली एंटनी के नेतृत्व में
- 4 टग्स की मदद से डॉकिंग - आमतौर पर सिर्फ 2 की जरूरत होती है
- अब तक क्रू को जमीन पर उतरने की अनुमति नहीं
- लंबाई: 399.99 मीटर व चौड़ाई: 61.33 मीटर
- डेडवेट क्षमता: 2,40,739 टन व निर्माण वर्ष: 2023
- अगला गंतव्य: स्पेन
यह भी पढ़ें- Kerala के तट पर लाइबेरियाई कंटेनर जहाज डूबा, नौसेना और कोस्टगार्ड ने जहाज में सवार सभी 24 लोगों को बचाया












Click it and Unblock the Notifications