क्या आपने खाया है 'पानी का पकोड़ा'? Video में देखिए शख्स ने कैसे बनाया 'डीप फ्राइड वाटर'
नई दिल्ली। गरम-गरम समोसे और पकोड़े का नाम सुनते ही हमारे मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि पानी को भी गर्म तेल में फ्राई किया जा सकता है। जी हां, आपको यह सुनकर हैरानी तो जरूर हुई होगी लेकिन यह सच है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक यूट्यूब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोगों ने पानी को गर्म तेल में फ्राई करने का अद्भुत कारनामा करके दिखाया।

इंटरनेट पर छाया 'डीप फ्राइड वाटर'
आपने विचित्र खाने के व्यंजनों जैसे मैगी पानी पुरी, आइसक्रीम पराठे और नूटेला बिरयानी के बारे में तो सुना होगा, लेकिन आज हम आपको 'डीप फ्राइड वाटर' नाम के पकोड़े के बार में बताने जा रहे हैं। डीप फ्राइड वाटर अब इंटरनेट पर लेटेस्ट ट्रेंडिंग फूड बन गया है, जिसने सोशल मीडिया पर पहले की सुर्खियां बटोरी हैं। डीप फ्राइड वाटर को बनाने का पहला वीडियो साल 2016 में यूट्यूब पर पोस्ट किया गया था लेकिन अब यह फिर से सुर्खियों में है।

केमिकल रिएक्शन से तैयार होती है पानी की बॉल
इसकी वजह है केमिकल इंजीनियर जेम्स ऑर्गिल, जिन्होंने दिसंबर 2020 में डीप-फ्राइड वाटर बनाने की कोशिश करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। हैरानी की बात यह है कि जेम्स अपने पहले ही प्रयास में यह अजीबोगरीब डिश बनाने में सफल रहे। इस वीडियो को जेम्स ने अपने यूट्यूब चैनल 'द एक्शन लैब' पर पोस्ट किया है। इंटरनेट पर अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, यूजर्स अपनी मेजेदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

क्या है 'डीप फ्राइड वाटर'?
आप सोच रहे होंगे कि डीप फ्राइड वाटर, उबलते पानी के लिए सिर्फ एक और फैंसी नाम होगा। लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं है, इसे कैल्शियम एल्गिनेट नामक एक रासायनिक पदार्थ का उपयोग करके बनाया जाता है। पानी में कैल्शियम क्लोराइड और सोडियम एल्गिनेट जैसे रसायनों के आपस में रिएक्शन से जिलेटिन जैसा पदार्थ तैयार होता है जो दिखने में जेली जैसा होता है। ये दोनों रासायनिक पदार्थ पानी को तरल झिल्ली के रूप में बना देते हैं। यह दिखने में पारदर्शी और जेली बॉल जैसी होती है।

सबसे पहले 2016 में हुआ था प्रयोग
डीप फ्राइड वाटर का कांसेप्ट पहली बार 2016 में सामने आया था। फूड ब्लॉगर, शेफ और फ्राइड फूड के प्रशंसक जोनाथन मार्कस ने यूट्यूब पेज पर एक वीडियो अपलोड किया जिसमें उन्होंने आटा, पैंको क्रैब्स और अंडे में रसायन से तैयार जेली वाटर को लपेट कर उसे मूंगफली के तेल में तला। हालांकि पहले प्रयास में वह सफल नहीं होते लेकिन उसके बाद वह डीप फ्राइड वाटर बनाने में कामयाबी हासिल कर लेते हैं। उन्होंने इसे घर पर ट्राई नहीं करने की चेतावनी भी दी क्योंकि यह घातक दुर्घटना का कारण बन सकता है।
यह भी पढ़ें: अरबपति एलन मस्क की गर्लफ्रेंड की अजीबोगरीब इच्छा, चाहती हैं मंगल ग्रह पर निकले दम












Click it and Unblock the Notifications