शादी के बाद हनीमून टूर नहीं, पति ने कराया राम मंदिर का दर्शन, पत्नी ने भेजा तलाक का नोटिस!
शादी के बाद विदेश में हनीमून का सपना देख रही पत्नी ने अब पति से अलग होने का फैसला कर लिया है। पति को उसने तलाक का नोटिस तक भेज दिया है। ये मामला तब सामने आया है, जब नवविवाहिता को उसका पति अयोध्या और वाराणसी भ्रमण के बाद घर लेकर पहुंचा।
मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली एक महिला ने शादी के आठ महीने बाद तलाक की अर्जी दी है। कोर्ट में तर्क दिया है कि पति के साथ शादी के बाद से ही सामंजस्य नहीं बन रहा है। महिला ने कहा है कि पति उसे हनीमून के लिए गोवा के बजाय अपने माता-पिता के साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी और अयोध्या ले गया था।

मामले को लेकर फैमिली कोर्ट मैरिज काउंसलर शैल अवस्थी ने गुरुवार (25 जनवरी) को कहा कि तलाक की अर्जी फिलहाल काउंसलिंग के चरण में है। महिला और उसके पति के बीच समझाइश के प्रयास किए जा रहे हैं।
मैरिज काउंसलर के मुताबिक महिला की शादी पिछले साल 3 मई को हुई थी। शादी के बाद से ही वो विदेश में हनीमून पर जाने की जिद पर अड़ी थी। जबकि पति हनीमून के लिए विदेश जाने के पक्ष में नहीं है।
दरअसल, महिला एक निजी कंपनी में काम करती है और उसका पति एक आईटी प्रोफेशनल है। पति ने पत्नी को बिना बताए अयोध्या और वाराणसी के लिए फ्लाइट बुक कर ली थी। यात्रा पर जाने से ठीक एक दिन पहले ही महिला की इसकी जानकारी दी गई।
घर लौटने के बाद दोनों परिवारों में अनबन
रिपोर्ट्स के मुताबिक पति ने अपनी पत्नी से कहा कि उनकी मां राम मंदिर की मूर्ति प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या का दर्शन करना चाहती थीं। हालांकि यात्रा पर जाने के लिए महिला ने पहले तो कोई आपत्ति नहीं जताई,लेकिन वापस घर लौटने के बाद घर पर बहस हुई। बाद में बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने पति को तलाक का नोटिस भेज दिया। महिला ने इसके पीछ तर्क दिया है पति ने उससे ज्यादा अपने माता- पिता का ख्याल रखा।












Click it and Unblock the Notifications