एक हेलमेट की इतनी बड़ी 'सजा', Gujarat में ठोका ₹10 लाख का Challan! कोर्ट और पुलिस के चक्कर में फंसा युवक
Gujarat traffic challan: सोचिए, आप बिना हेलमेट के गाड़ी चला रहे हैं और आपको ₹500 का चालान कटने का मैसेज आता है। लेकिन जब आप चालान चेक करते हैं, तो पता चलता है कि जुर्माने की रकम ₹10 लाख से ज्यादा है! यही हुआ अहमदाबाद के 22 वर्षीय अनिल के साथ, जो पिछले 11 महीनों से इस भारी-भरकम चालान ( traffic challan) को रद्द करवाने के लिए पुलिस और कोर्ट के चक्कर काट रहा है।
अनिल, जो अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में रहते हैं, लॉ कॉलेज के छात्र हैं और अपने घर खर्च के लिए पान का गल्ला चलाते हैं। 11 अप्रैल 2024 की शाम जब वह अपनी एक्टिवा (GJ27 DL 3277) से शांतिपुरा चौराहे से सामान लेकर लौट रहे थे, तब ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की।

पुलिस ने जांच के बाद उन्हें जाने दिया, लेकिन कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर ₹500 का ई-चालान का मैसेज आ गया। हैरानी की बात यह थी कि जब उन्होंने चालान चेक किया, तो पता चला कि जुर्माना ₹10,00,500 का है!
traffic challan: कोर्ट और पुलिस के चक्कर
इतनी भारी रकम देखकर अनिल हैरान रह गए और तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि चालान ऑनलाइन भरना होगा और मामले को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। जब समाधान नहीं मिला, तो अनिल कोर्ट पहुंचे। वहां कोर्ट के अधिकारियों ने उन्हें पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
इसके बाद अनिल अपने पिता के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे, जहां ई-चालान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इतनी भारी रकम का चालान होना संभव नहीं है। उन्हें ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। अनिल ने तुरंत ईमेल कर दिया, लेकिन 11 महीने बाद भी कोई समाधान नहीं मिला।
10 एक्टिवा खरीद सकते थे इस चालान की रकम में!
अनिल के पिता कालू हड़िया, जो एक गारमेंट व्यापारी हैं, कहते हैं, "अगर हेलमेट न पहनने का चालान कटता भी है, तो वह ₹500 का होना चाहिए। हम उसे तुरंत भरने के लिए तैयार थे, लेकिन ₹10 लाख से ज्यादा का चालान समझ से बाहर है।"
अनिल का कहना है कि उनकी एक्टिवा लोन पर खरीदी गई थी, और लोन चुकाने के बाद इसे अपने नाम ट्रांसफर करना था। लेकिन इस चालान की वजह से अब पूरी प्रक्रिया अटक गई है। वह मजाक में कहते हैं, "₹10 लाख में तो मैं 10 नई एक्टिवा खरीद सकता था, जबकि मेरी एक्टिवा की कीमत भी उतनी नहीं थी।"
traffic challan: क्या पुलिस से मिलेगी राहत?
पुलिस कमिश्नर कार्यालय के ई-चालान विभाग के अधिकारियों ने माना कि हेलमेट ना पहनने पर इतना भारी जुर्माना नहीं हो सकता। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, लेकिन अभी अनिल को कोर्ट और पुलिस दोनों से संपर्क करना होगा।
अब अनिल और उनका परिवार इस उम्मीद में हैं कि जल्द ही इस गलती को सुधारा जाएगा और उन्हें इस भारी चालान से राहत मिलेगी। लेकिन सवाल उठता है-क्या यह एक तकनीकी गलती थी, या सिस्टम की बड़ी चूक?












Click it and Unblock the Notifications