Video: बिल्डिंग में लगी थी भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्ली ने पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग और फिर...
शिकागो, 16 मई। एक कहावत है कि बिल्लियों की 9 जिंदगियां होती हैं। कहने का मतलब है कि वह अपनी पूरी लाइफ में नौ बार मौत को चकमा देकर बच जाती हैं। अमेरिका के शिकागो में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां एक बिल्ली बिल्डिंग में लगी भीषण आग से अपनी जान बचाने के लिए पांचवीं मंजिल से छलांग लगा देती है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसे देख लोगों ने दातों तले ऊंगली दबा ली।

बिल्ली के कारनामे ने इंटरनेट पर मचाया तहलका
शिकागो फायर मीडिया के ट्विटर हैंडल से पोस्ट किए गए बिल्ली के वीडियो को अब तक 10 लाख से अधिक लोगों द्वारा देखा जा चुका है, यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वीडियो की लोकप्रियता से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि जरूर इसमें कुछ खास है। आपको भी जानकर हैरानी होगी कि वीडियो में एक बिल्ली को 5वीं मंजिल से जमीन पर कूदते देखा जा सकता है।

इमारत में लगी भीषण आग
45 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल से काले धुएं का गुबार बाहर निकल रहा है। वीडियो में आग की वजह से पिघले खिड़कियों के कांच को भी देखा जा सकता है। तभी एक खिड़की से काली बिल्ली बाहर की ओर भागती है और देखते ही देखते छलांग लगा देती है। बिल्डिंग से बिल्ली को गिरते देख आस-पास के लोगों की चीख निकल जाती है।

पैराशूट की तरह जमीन पर किया लैंड
हालांकि अच्छी बात यह है कि बिल्ली को ना ही आग से कोई चोट पहुंचती है और ना ही जमीन पर गिरने से। किसी पैराशूट की तरह जमीन पर लैंड होने के बाद बिल्ली दूसरी तरफ भाग जाती है। बिल्ली को सही-सलामत देख लोगों के जान में जान आती है। सोशल मीडिया पर अब ये वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, कई यूजर्स इस पर अपनी मजेदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोगों को लगता है कि बिल्ली को काफी चोट आई होगी लेकिन वह बड़े आराम से वह उठकर चलने लगती है जैसे कुछ हुआ ही ना हो।

जेल में ड्रग्स सप्लाई करने जा रही थी बिल्ली
बिल्लियों से जुड़ी अक्सर अजीबोगरीब घटनाएं सामने आती रहती हैं। कुछ महीने पहले एक बिल्ली को पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई करने के जुर्म में पकड़ा था। बिल्ली पनामा की एक जेल में ड्रग सप्लाई करने की कोशिश कर रही थी। बिल्ली की गर्दन पर एक कपड़ा बंधा हुआ था जिसमें जिसमें कई तरीकों के ड्रग्स भरे हुए थे। फिलहाल पूरे ड्रग्स को बिल्ली से बरामद कर लिया गया है और बिल्ली को पकड़ लिया गया।
यह भी पढ़ें: जंगली बिल्ली ने पत्नी पर किया हमला तो पति ने बिल्ली का किया ये हाल












Click it and Unblock the Notifications