Video: 30 साल बाद महिला ने काटे अपने नाखून, लंबाई जान चौंक जाएंगे आप, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज
ह्यूस्टन। दुनिया में कई लोगों ने अपने अजीबोगरीब कारनामों के लिए नाम कमाया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए लोग तरह-तरह की चीजें करते हैं लेकिन कुछ लोग इसके लिए लंबी तपस्या करते हैं। जी हां, आज हम आपको जिस महिला के बारे में बताने जा रहे हैं उन्होंने 30 साल की लंबी तपस्या के बाद दुनिया में सबसे हटके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। अमेरिका की अयाना विलियम्स के नाम अब 'दुनिया के सबसे लंबे नाखून वाली महिला' का खिताब है।

'दुनिया के सबसे लंबे नाखून वाली महिला'
अमेरिका के ह्यूस्टन की रहने वालीं अयाना विलियम्स ने 30 साल तक अपने नाखूनों को बढ़ाने के बाद आखिरकार उन्हें कटवा लिया है। इतने लंबे समय तक अपने नाखून ना काटने की वजह से अयाना को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने कभी नाखून काटने पर विचार नहीं किया। साल 2017 में अयाना का नाम 'दुनिया के सबसे लंबे नाखून वाली महिला' के तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।

चार साल पहले ही बना दिया था रिकॉर्ड
जिस समय अयाना ने यह रिकॉर्ड कायम किया उस दौरान उनके नाखूनों की लंबाई 19 फीट थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अयाना को अपने नाखूनों में नेल पेंट लगाने के लिए दो से अधिक बॉटल का इस्तेमाल करना पड़ता था, इस प्रक्रिया में उन्हें एक घंटे से ज्यादा का समय लग जाता था। नाखूनों को 30 साल तक संजो कर रखने के बाद अब अयाना ने उन्हें काटने का फैसला किया है। उनके नाखूनों को इलेक्ट्रिक रोटरी से काटा गया।

30 साल तक इस तरह संभाल के रखा
अयाना के नाखून कटने का पूरा वीडियो सामने आया है जिसमें वह अपने 30 साल के अनुभव को लेकर बात करती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा, 'मैं कुछ दशकों से अपने नाखून बढ़ा रही हूं लेकिन अब मैं नई लाइफ जीने के लिए तैयार हूं। मैं अपने नाखूनों को बहुत मिस करूंगी लेकिन अब उनके जाने का समय आ गया है।' लंबे नाखूनों के साथ होने वाली दिक्कतों के बारे में भी अयाना ने बात की।

इन कामों में होती थी दिक्कत
उन्होंने कहा, मुझे प्रतिदिन के कार्यों को करने में दिक्कत होती थी। इनमें बर्तन धोना, बेडशीट बदलना और अन्य काम शामिल थे। नाखून लंबे होने की वजह से चीजों को पकड़ने में परेशानी होती थी। नाखूनों को टूटने से बचाने के लिए मैं हमेशा उनके बारे में सोचा करती थी। 30 साल बाद जब अयाना के नाखूनों को काटने की बारी आई तो उस समय उनकी लंबाई 24 फीट और 0.7 इंच मापी गई थी। उन्होंने चार साल पहले दर्ज अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
यह भी पढ़ें: Video: मिसेज श्रीलंका प्रतियोगिता में हंगामा, विजेता के सिर से मिसेज वर्ल्ड ने LIVE शो में छीना ताज, हुई घायल












Click it and Unblock the Notifications