राजस्थान में भीषण गर्मी : 47 डिग्री में BSF जवानों ने भारत-पाक बॉर्डर पर रेत में सेका पापड़, देखें Viral Video
राजस्थान में भीषण गर्मी : 47 डिग्री में BSF जवानों ने बॉर्डर पर रेत में सेका पापड़, देखें Viral Video
बीकानेर, 3 मई। राजस्थान में आसमां से आग बरस रही है। जमीं भट्टी की मानिंद सुलग रही है। सूरज के तीखे तेवरों से आमजन ही नहीं पशु-पक्षी भी हलकान हैं। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों के सामने मौसम भी चुनौती पेश कर रहा है। राजस्थान बोर्डर पर चारों तरफ रेत का समंदर और उसमें 47 डिग्री तापमान में पहरा देते जवान।
Recommended Video

बीएसएफ जवानों के बुलंद हौसलों का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि राजस्थान बॉर्डर पर रेत इतनी गर्म हो चुकी है कि उस पर पापड़ बिना आग जलाए आसानी से सेका जा सकता है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान भारत-पाकिस्तान सीमा की तारबंधी के निकट तैनात हैं।
ये जवान हाथ में तीन चार पापड़ लेकर आते हैं। उन कच्चे पापड़ पर रेत डाल देते हैं। थोड़ी ही देर बाद पापड़ को रेत से बाहर निकाला तो वो सिका हुआ मिला। ठीक उसी तरह से जैसे हम उसे चूल्हे पर सेकते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो राजस्थान के बीकानेर जिले में बज्जु बॉर्डर का है। यहां इन दिनों अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच चुका है। दिन में ही नहीं बल्कि रात में बॉर्डर की सुरक्षा में मौसम की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
इससे यह अंदाजा सहज लगाया जा सकता है कि बीएसएफ के ये जवान किन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा के लिये मोर्चे पर डटे हैं। सूर्यदेव के तीखे तेवरों के कारण धधक रही बालू रेत पर पापड़ सेकने का यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में बीएसएफ के जवानों ने अपनी हथेली पर उठाकर पूरा सिका हुआ पापड़ दिखाया है।












Click it and Unblock the Notifications