Bikaner Express Accident : बीकानेर गुवाहाटी ट्रेन हादसे में राजस्थान के यात्री 22 घायल, 4 की मौत
बीकानेर, 14 जनवरी। बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में राजस्थान के 22 यात्रियों के घायल होने और चार की मौत की खबर है। राजस्थान के बीकानेर से मंगलवार रात 1 बजकर 45 मिनट पर असम की राजधानी गुवाहाटी के लिए रवाना हुई बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में दोमोहानी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के 12 डिब्बे बेपटरी
हादसे में बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जिनमें छह डिब्बे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। राजस्थान से आपदा प्रबंधन मंत्री भंवर सिंह भाटी भी मौके के लिए रवाना हुए हैं।

बीकानेर ट्रेन हादसे में 36 यात्री घायल
इधर, केंद्रीय मंत्री जॉन बारला ने बताया कि 36 घायलों को जलपाईगुड़ी समेत कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, बाकी बचे यात्रियों को स्पेशल ट्रेन से गुवाहाटी वापस भेजा जा रहा है।

मृतकों की पुष्टि नहीं
दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार मृतकों में राजस्थान के एक ही परिवार के चार यात्री हैं। हालांकि रेलवे ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। इनके अलावा राजस्थान के 22 यात्री घायल हुए हैं। वहीं मीडिया की खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि बीकानेर एक्सप्रेस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
बीकानेर एक्सप्रेस हादसे के संबंध में कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। भारतीय रेल ने मृतक यात्रियों के परिजनों को पांच लाख और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एक लाख तथा मामूली घायलों को 25 हजार रुपए बतौर मुआवजा देने का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications