Bihar Politics: राजनीति छोड़ फिल्मी दुनिया का रुख करेंगे तेज प्रताप यादव?, कहा- लगता है अब हमको भी...
RJD Leader Tej Pratap Yadav: बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनज़र सातवें चरण के चुनाव प्रचार के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच खूब ज़ुबानी जंग हुई। एक दूसरे पर तंज़ भरे लहज़े में बयानबाज़ी भी हुई। इसी क्रम में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक ऐसा बयान दे दिया, जिसे लोग भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के काराकाट से चुनाव लड़ने से जोड़कर देख रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने पटना में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। दरअसल पाटलिपुत्र लोकसभा सीट अंतर्गत परसा (फुलवारीशरीफ) अपनी बहन राजद प्रत्याशी मीसा भारती के लिए एक चुनावी सभा का आयोजन किया गया था।

राजद नेता तेज प्रताप यादव के साथ-साथ भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव राजद उम्मीदवार मीसा भारती के समर्थन में चुनावी प्रचार करने पहुंचे थे। अपने पिता लालू प्रसाद यादव के अंदाज़ में तेज प्रताप ने जनता को संबोधित किया और मीसा भारती के लिए वोट करने की अपील की।
तेज प्रताप यादव ने मीसा भारती के लिए वोट मांगते हुए बिना नाम लिए इशारों इशारों में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को भी आड़े हाथों ले लिया। उन्होंने कहा कि आज कल फिल्मी जगता के लोग भी चुनावी दावं खेल रहे हैं। अब हमको भी फिल्म इंडस्ट्री में जाना होगा।
तेज प्रताप के इस बयान के को काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह से जोड़कर देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि तेज प्रताप यादव खुद अपने मंच पर भोजपुरी अभिनेता को चुनावी प्रचार में ला सकते हैं, तो फिर अभिनेता अगर नेता बनने के लिए चुनाव लड़े तो ग़लत किया है। लोकतंत्र इसी का नाम है, हर किसी को चुनावी दांव खेलने का अधिकार है।












Click it and Unblock the Notifications