PM मोदी ने किसे कहा था '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड'? मां की गाली विवाद पर तेजस्वी ने क्यों किया इसका जिक्र?
Tejashwi Yadav on 50 crore Girlfriend Hindi: बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने का मामला गर्मा गया है। मंगलवार को पीएम मोदी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बिहार की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा था कि' कांग्रेस और आरजेडी के मंच से मेरी मां को गाली दी गई, उन्हें अपशब्द कहे गए, उन्हें बिहार की जनता और छठी मईया माफ नहीं करेगी।' जिसके बाद से भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों के निशाने पर कांग्रेस और आरजेडी है।
पीएम मोदी के इस बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की तीखी प्रतिक्रिया आई है, पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'किसी की भी मां के लिए अपशब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह उनके संस्कारों के विपरीत है।'

'50 करोड़ की गर्लफ्रेंड बोलने वाले मोदी जी हैं' (Tejashwi Yadav)
'सबकी मां पूज्यनीय हैं लेकिन सवाल ये उठता है '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड बोलने वाले मोदी जी ही हैं। उन्होंने सोनिया गांधी को 'भद्दी-भद्दी गालियां' दीं तो वहीं नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाए।, महिलाओं का अपमान तो उनकी ओर से ही किया गया है।'
'सारिका पासवान को सड़क पर नंगे घुमाने की बात कही'
उन्होंने आगे कहा कि 'सदन में भाजपा विधायकों द्वारा उन्हें भी मां--बहन की गालियां झेलनी पड़ी है।' तेजस्वी ने भाजपा प्रवक्ताओं द्वारा लाइव कैमरे पर महिलाओं के अपमान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पूछा कि 'जब उनकी पार्टी की प्रवक्ता सारिका पासवान को सड़क पर नंगे घुमाने की बात कहने वाले व्यक्ति को भाजपा ने सम्मानित किया था, तब प्रधानमंत्री कहां थे।'

उन्होंने बिहार की जनता के सब कुछ जानने और समझने की बात कही और 'दिखावटी और मिलावटी राजनीति' से बचने की सलाह दी।
भारत लौटने पर उन्हें रोना आ गया: Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि 'वे इतने दिनों तक विदेश में थे, जहां वे ठहाके लगा रहे थे और भारत लौटने पर उन्हें रोना आ गया। उन्होंने आगामी 'बिहार बंद' पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि 'भाजपा डरी हुई है और उसके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार के लोग ही बिहार बंद कर रहे हैं।' गौरतलब है कि पीएम मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर एनडीए ने 4 सितंबर को बिहार बंद बुलाया है।
'चोरी पकड़ी गई है इसलिए BJP बेचैन' (Tejashwi Yadav)
प्रधानमंत्री के आने पर स्कूलों का बंद होना भी इसी का हिस्सा है। तेजस्वी ने दावा किया कि 'वोटर अधिकार यात्रा' में हर वर्ग का अपार समर्थन मिलने के कारण भाजपा की चोरी पकड़ी गई है इसलिए वो बेचैन है।'
'50 करोड़ की गर्लफ्रेंड' को लेकर बहस छिड़ गई
तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड' को लेकर बहस छिड़ गई है और लोगों के अंदर उत्सुकता पैदा हो गई है कि आखिर पीएम मोदी ने किसके लिए ये बात कही थी, जिसका जिक्र तेजस्वी यादव ने आज किया है।

PM नरेंद्र मोदी ने किसे कहा था '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड'?
दरअसल ये बात साल 2012 की है,तब एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड'का जिक्र किया था। दरअसल साल 2010 में कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की कोच्चि टीम को खरीदने वाले पैनल में शामिल थी, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। इस टीम की खरीद में शशि थरूर की भूमिका को लेकर सवाल उठाए गए थे, उस वक्त इस मामले ने इतना तूल पकड़ा था कि थरूर को केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था लेकिन जैसे ही ये विवाद ठंडा पड़ा कांग्रेस ने उन्हें वापस मंत्रीमंडल में शामिल कर लिया था।
प्यार की कोई कीमत नहीं होती: शशि थरूर
इसी बात पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ( तब गुजरात के सीएम थे) ने अक्टूबर 2012 में हिमाचल प्रदेश में एक चुनावी रैली के दौरान सुनंदा पुष्कर को एक '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड'बोला था, जिस पर उस वक्त काफी बवाल मचा था। यहां तक कि खुद शशि थरूर ने Tweet करके पीएम मोदी को सलाह दी थी 'प्यार की कोई कीमत नहीं होती।'












Click it and Unblock the Notifications