लालू यादव की तरफ से गठबंधन के खुले न्योते पर क्या बोले LJP सांसद चिराग पासवान
लालू यादव ने कहा कि वो तेजस्वी और चिराग को साथ देखना चाहते हैं, जिसपर चिराग पासवान ने अब जवाब दिया है।
पटना, 4 अगस्त: दिल्ली में चल रहे संसद के मानसून सत्र के बीच बिहार की सियासत में कई बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। एनडीए में अहम सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जहां सोमवार को पेगासस मामले में जांच की मांग कर भाजपा को एक झटका दिया, वहीं मंगलवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद चिराग पासवान को गठबंधन का खुला न्योता दे डाला। लालू प्रसाद यादव ने पत्रकारों के एक सवाल पर कहा कि वो तेजस्वी यादव और चिराग पासवान को एक साथ देखना चाहते हैं। लालू के इस बयान पर अब चिराग पासवान ने भी जवाब दिया है।

'उनकी भावनाओं की कद्र करता हूं, लेकिन...'
लालू प्रसाद यादव की तरफ से गठबंधन का न्योता मिलने के बाद चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मेरे परिवार और राजनीतिक गुरु रामविलास पासवान के साथ लालू जी के काफी मधुर संबंध रहे हैं। मैं उनकी भावनाओं की कद्र करता हूं, लेकिन फिलहाल मेरी प्राथमिकता आशीर्वाद यात्रा और अपने संगठन को मजबूत करना है। बिहार या यूपी में गठबंधन पर कोई भी चर्चा चुनाव नजदीक आने पर की जाएगी। मैं लालू जी को धन्यवाद देता हू्ं कि उन्होंने मेरे नेतृत्व पर भरोसा जताया।'

'लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ही रहेंगे'
आपको बता दें कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव जेल से बाहर आने के बाद इन दिनों दिल्ली में हैं और विपक्ष के बड़े नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। इसी दौरान पत्रकारों ने जब लालू प्रसाद यादव से लोक जनशक्ति पार्टी में चल रही कलह को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, 'पार्टी में चाहे जो कुछ भी हुआ हो, लेकिन लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ही रहेंगे।' इस बीच एक पत्रकार ने जब लालू से पूछा कि क्या वो चिराग पासवान और तेजस्वी यादव के बीच गठबंधन के पक्ष में हैं, तो उन्होंने कहा, 'हां मैं तेजस्वी और चिराग को साथ देखना चाहता हूं।'

पेगासस के बहाने नीतीश पर चिराग का निशाना
वहीं, पेगासस मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जांच वाले बयान को लेकर भी चिराग पासवान ने निशाना साधा। चिराग पासवान ने सृजन घोटाले का जिक्र करते हुए ट्वीट कर कहा, 'पीएम मटेरियल को लगता है पेगासस मामले की जांच होनी चाहिए और सृजन घोटाले का क्या होना चाहिए? जांच ठंडे बस्ते में पड़े रहना चाहिए। नल-जल घोटाले की जांच और दोषियों को दंडित नहीं होना चाहिए? पर उपदेश कुशल बहुतेरे...।'

किसके पास है अब एलजेपी की कमान?
गौरतलब है कि रामविलास पासवान के निधन के बाद हाल ही में लोक जनशक्ति पार्टी में उस वक्त कलह मच गई, जब चिराग पासवान के चाचा और लोकसभा सांसद पशुपति कुमार पारस ने खुद को संसदीय दल का नेता घोषित कर दिया। रातोंरात हुए इस उलटफेर में पशुपति कुमार पारस गुट ने चिराग पासवान को लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पद से भी हटा दिया। हालांकि चिराग पासवान का कहना है कि पार्टी के संविधान के मुताबिक अभी भी वही एलजेपी के अध्यक्ष हैं। इन सबके बीच हाल ही में हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल फेरबदल में पशुपति कुमार पारस को मंत्री बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- क्यों जातीय जनगणना के मुद्दे पर मोदी सरकार के खिलाफ साथ आ रहे हैं नीतीश और लालू?











Click it and Unblock the Notifications