Bihar Weather News: सीमांचल और उत्तर बिहार के कई जिलों में अगले 48 घंटे तक मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा
Bihar Weather Update News: बिहार में मानसून का कहर जारी है। पिछले 24 घंटों में सीवान, नालंदा, रक्सौल, बेतिया, समस्तीपुर, शिवहर और गोपालगंज में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गई है। लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है।
गुरुवार को कहर बरपाएगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और खगड़िया जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। उत्तर बिहार के सभी जिलों-मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और कटिहार-में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भभुआ, पटना और लखीसराय समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

येलो अलर्ट और बाढ़ की आशंका
मौसम विभाग ने आंधी और ठनका (lightning) गिरने की संभावना को देखते हुए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति अगले एक से दो दिनों तक बनी रह सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सीमांचल के जिलों में नदियों के उफान से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
राजधानी पटना में राहत और अलर्ट
राजधानी पटना में बुधवार को बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। हल्की हवा के कारण लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तापमान अधिकतम 31-32 डिग्री और न्यूनतम 24-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मानसून क्यों है सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 3.1 किमी तक फैला हुआ है। इसके अलावा उत्तरी झारखंड और यूपी में भी मौसमी सिस्टम सक्रिय है, जिससे बिहार में मानसून अपने विकराल रूप में दिखाई दे रहा है।
सावधानी बरतने की सलाह
अनावश्यक यात्रा से बचें, खासकर निचले इलाकों में।
बिजली गिरने की आशंका के चलते खुले मैदान या पेड़ों के नीचे न खड़े हों।
नदी किनारे और बांध क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
IMD ने अनुमान जताया है कि 21 सितंबर से राज्य में मौसम धीरे-धीरे साफ होगा और बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications