Bihar Politics: VIP प्रमुख मुकेश सहनी को विचारधारा नहीं अपनी कुर्सी प्यारी,महागठबंधन में पार्टी और दिल NDA में
Bihar Politics: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां विभिन्न रणनीतियों पर काम कर रही हैं। विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी भी पार्टी की ज़मीन मज़बूत करने में जुटे हुए हैं। सियासी गलियारों में मुकेश सहनी द्वारा दिए विभिन्न बयानों के बाद यह चर्चा तेज़ हैं कि वह अपनी कुर्सी के लिए कभी भी पलटी मार सकते हैं।
बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर सुर्खियों में छाए वीआईपी (Vikassheel Insaan Party) के मुखिया मुकेश सहनी ने हाल ही में बयान दिया है कि वह पीएम मोदी के लिए जान भी दे देंगे। मौजूदा समय में VIP महागठबंधन के घटक दलों में शामिल है। इतना ही नहीं महागठबंधन की सरकार में सहनी, खुद को डिप्टी सीएम पद दावेदार भी बता रहे हैं।

VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने साफ तौर पर कह दिया है कि उनके कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी के 60 सीटों पर चुनाव लड़े। घटक दल में 90 फिसदी तक सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन चुकी है, 60 में से कुछ सीटें ऊपर नीचे हो सकती हैं। इसके साथ ही महागठबंधन की सरकार में डिप्टी सीएम भी बनेंगे। ग़ौरतलब है कि पिछली बार इसी वजह से गठबंधन टूटा था।
महागठबंधन में सीटों का गणित कुछ और ही है, 2020 के चुनाव में 75 सीटें जीत कर राजद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। इसलिए स्वाभाविक तौर पर सबसे ज़्यादा सीटों पर दावेदारी करेगा। कांग्रेस ने 19 सीटें जीती लेकिन विनिंग मार्जिन प्रतिशत कम रहा। वाम दल (CPI-ML, CPI, CPM ने 16 सीटें जीती थीं। VIP एनडीए में थी। मौजूदा समय में पार्टी के पास एक भी विधायक नहीं है।
इस हिसाब से 243 सीटों पर संभावित सीट बंटवारे का प्रारूप कुछ इस तरह बन रहा है। राजद (140-145) सीटें मिल सकती है, क्योंकि सबसे बड़ा दल और MY समीकरण। वहीं कांग्रेस (40-45) सीटें, क्योंकि पिछले चुनाव में प्रदर्शन कमज़ोर था। भाकपा-माले (20-25) सीटें, क्योंकि क्षेत्रीय पकड़ अच्छी है। भाकपा 15-20, माकपा (5-6) सीटें, क्योंकि सीमित असर है। VIP/अन्य को (5-10) सिर्फ मल्लाह/निषाद वोट बैंक।
इस बार मुकेश सहनी एक तीर से दो निशाने लगा रहे हैं, एक तरफ महागठबंधन के साथ हैं, दूसरी तरफ़ पीएम मोदी के लिए जान भी देने की बात कर रहे हैं। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि सहनी भी अपनी कुर्सी के लिए नीतीश कुमार की तरह पलटी मारने से परहेज़ नहीं करेंगे, ऐसा क्यों तो इन बयानों से समझिए।
मुकेश सहनी की पार्टी अभी महागठबंधन में है, वहीं उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि चुनाव से पहले निषाद को आरक्षण मिल जाए, हम पीएम मोदी के लिए प्राण तक त्याग देंगे। इतना ही नहीं सहनी ने टिकट बंटवारे से अनौपचारिक रूप से उम्मीदवारों को विभिन्न विधानसभा सीटों के लिए हामी भर दी है। सूत्रों की मानें तो मिलन समारोह सीटों की घोषणा का ही एक हिस्सा है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो डिप्टी सीएम की यह मांग ना सिर्फ मुकेश सहनी की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है, बल्कि यह संकेत भी देती है कि अपनी कुर्सी सुरक्षित करने के लिए वह किसी भी पाले में जा सकते हैं। VIP प्रमुख को किसी विचारधारा से नहीं, सीएम नीतीश की तरह कुर्सी से प्यार है, इसलिए वह कुर्सी पाने के लिए जनमत का सौदा किसी भी विचारधारा से कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications